एक साथ उठी दादा व पोता की अर्थी, गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन
एक साथ उठी दादा व पोता की अर्थी, गांव में पसरा मातम

बलवाहाट थाना क्षेत्र के चपराव गांव के वार्ड 14 स्थित भूपेंद्र सादा के घर से बुधवार को एक साथ दो अर्थी उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी.

विज्ञापन

एसपी हिमांशु ने भी किया स्थल का निरीक्षण

सिमरी बख्तियारपुर. बलवाहाट थाना क्षेत्र के चपराव गांव के वार्ड 14 स्थित भूपेंद्र सादा के घर से बुधवार को एक साथ दो अर्थी उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. इस हृदय विदारक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. मालूम हो कि बंगाली सादा का पोता शिवधन कुमार गत रविवार को घर से खेलने के लिए निकला था. देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो स्वजनों की चिंता बढ़ गयी. स्वजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गयी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद शिवधन के पिता भूपेंद्र सादा ने बलवाहाट थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी. इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी ही थी कि मंगलवार की सुबह घर के समीप स्थित पोखर में शिवधन का शव तैरता हुआ मिला. यह खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि अपने पोते की मौत की खबर सुनते ही दादा बंगाली सादा गहरे सदमे में चले गये और कुछ ही देर बाद उनकी भी सांसें थम गयी. इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना की सूचना पर पहुंची बलवाहाट पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. वहीं पोस्टमार्टम के बाद मृतक किशोर के शव को स्वजनों को सौंप दिया गया. बुधवार को दोनों दादा और पोता का अंतिम संस्कार कर दिया गया. वहीं इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है. इधर पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु ने मंगलवार की शाम घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित के स्वजनों से मामले की जानकारी ली. उन्होंने बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.

विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन