दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, 14 वर्षीय किशोर गंभीर, पटना रेफर

दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, 14 वर्षीय किशोर गंभीर, पटना रेफर
सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप, आरोपी सहित परिजन फरार सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुरा पंचायत अंतर्गत बलहमपुर गांव के वार्ड संख्या तीन में शनिवार सुबह करीब नौ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोर ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी. गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.घायल की पहचान गांव निवासी सिकेंद्र यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में जख्मी प्रिंस को इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया. फिलहाल प्रिंस का इलाज पटना में चल रहा है.घटना के संबंध में घायल के पिता सिकेंद्र यादव ने गांव के ही एक 14 वर्षीय किशोर पर गोली मारने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह आरोपी किशोर उनके पुत्र प्रिंस को घर से बुलाकर अपने घर ले गया और वहीं किसी साजिश के तहत उस पर गोली चला दी.घटना की जानकारी तब मिली, जब उनका पुत्र आरोपी के घर के बाहर खून से लथपथ पड़ा मिला. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं जख्मी किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीपीओ ने लिया जायजा परिजनों का आरोप है कि गोली लगने के बाद प्रिंस घटनास्थल पर ही गिर गया था. जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने घटनास्थल से खून के धब्बों को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने आवश्यक नमूने एकत्र किए. इधर घटना के बाद आरोपी किशोर सहित उसके घर के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, हालांकि अधिकांश लोग इस मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए.बताया जाता है कि घटनास्थल से महज करीब सौ मीटर की दूरी पर प्रिंस का घर है और वह आठवीं कक्षा का छात्र है। पुलिस कर रही है जांच एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि थाना क्षेत्र के बलहमपुर गांव में एक किशोर को गोली लगने की घटना सामने आयी है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है. आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया था, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




