कॉमर्शियल गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर उपभोक्ताओं की मांगी गयी संख्या

जिला प्रशासन जिले के उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
सहरसा. जिला प्रशासन जिले के उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिसको लेकर जिला प्रशासन लगातार गैस आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी कर रहा है, जिससे किसी भी परिवार को कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े. इस संबंध में बुधवार को जिला जन संपर्क कार्यालय में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार एवं डीपीआरओ आलोक कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिले में कार्यरत तीनों प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडेन, भारत गैस एवं एचपी गैस से प्राप्त नवीनतम आंकड़ों के अनुसार आपूर्ति की जा रही है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया की कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर को लेकर जो किल्लत सामने आ रही है, उसको लेकर बिहार सरकार ने सभी जिलाधिकारी को पत्र भेजा है. इस पत्र में जिले में कितने कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर विभिन्न गैस एजेंसी से ली जाती थी, उसके कंज्यूमर लिस्ट की मांग की गयी है. विभिन्न गैस एजेंसियों से बातचीत कर वैसे रेस्टूरेंट, होटल, लॉज एवं अन्य कॉमर्शियल जगहों पर एलपीजी सिलिंडर की हो रही परेशानियों को कम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि औसतन 2542 सिलेंडर प्रतिदिन की डिलीवरी दर के साथ अधिकांश वितरकों के पास औसतन 4.25 दिनों का बैकलॉग है. जिसे जल्द ही सामान्य कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान में वितरकों के पास 9383 सिलिंडर का ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध है. आपूर्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. इंडेन के 18 एजेंसी के पास 6957, भारत गैस के 10 वितरकों के पास मात्र 2590, एचपी गैस के नौ वितरकों के पास 7023 बुकिंग्स लंबित है, जो स्थिति के काफी हद तक सामान्य होने का संकेत है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वाले एवं कालाबाजारी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है. साथ ही विभिन्न गैस एजेंसियों एवं संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




