खुले में कंटेनर, ड्रम में पेट्रोल, डीजल की बिक्री पर रोक

खुले में कंटेनर, ड्रम में पेट्रोल, डीजल की बिक्री पर रोक
सभी पंप पर आज से दंडाधिकारी रहेंगे प्रतिनियुक्त पेट्रोलियम पदार्थ के आपूर्ति प्रबंधन को लेकर डीएम ने की सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक सहरसा . जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में मध्य-पूर्व संकट के कारण संभावित पेट्रोलियम पदार्थों—डीजल और पेट्रोल—की कमी तथा आपूर्ति प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई. जिलाधिकारी ने उत्पन्न भू-राजनीतिक संकट को देखते हुए भविष्य में पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित कमी के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए.उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी पेट्रोल पंप मालिक या प्रबंधक जिला प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना खुले में कंटेनर या ड्रम में पेट्रोल अथवा डीजल की बिक्री नहीं करेगा. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार से दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इनका मुख्य कार्य यह सुनिश्चित करना होगा कि ईंधन का वितरण पारदर्शी ढंग से हो तथा किसी प्रकार की कालाबाजारी न हो. उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठा संचालन, सड़क निर्माण में लगी एजेंसियां, कंपनियां, मोबाइल टावर का संचालन एवं मेंटेनेंस, जेनुइन औद्योगिक आवश्यकताएं सहित आवश्यक सेवाओं एवं क्षेत्रों के लिए खुले में डीजल की बिक्री के लिए विशेष छूट दी जायेगी. इस छूट का लाभ लेने के लिए संबंधित खरीददार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा. जिससे खरीद की वास्तविकता प्रमाणित हो सके. दंडाधिकारी की संतुष्टि के बाद ही ईंधन उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि कोई भी पेट्रोल पंप प्रबंधन निर्देशों का उल्लंघन करते पाया जाता है या अवैध तरीके से खुले में बिक्री करता है, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी. साथ ही संबंधित तेल कंपनी को उनके लाइसेंस रद्द करने के लिए अनुशंसा भेज दी जायेगी. वहीं जिलाधिकारी ने सभी मौजूद पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करें एवं सुनिश्चित करें कि आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं हो. उन्होंने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को प्रशासन के साथ सहयोग करने की हिदायत दी. मौके पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित जिले के सभी पेट्रोल पंप मालिक एवं प्रबंधक मौजूद थे. फोटो – सहरसा 10 – बैठक करते डीएम व अन्य
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




