ड्रम और जरिकन में डीजल व पेट्रोल की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक

ड्रम और जरिकन में डीजल व पेट्रोल की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक
आशा भारत गैस एजेंसी को वेंडरों की कमी पर मिली अंतिम चेतावनी चार दिन से अधिक बैकलॉग वाली गैस एजेंसियों पर होगी कार्रवाई सहरसा. जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने शनिवार को तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं सिटी गैस सर्विस के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी में हो रही देरी एवं जिले में ईंधन की उपलब्धता पर कड़ा रुख अपनाया. समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई गैस एजेंसियों में बुकिंग के बाद सिलिंडर की आपूर्ति में चार दिन से अधिक का समय लग रहा है. जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन गैस एजेंसियों का बैकलॉग चार दिन से अधिक है, उन पर प्रशासन कानूनी कदम उठायेगा. आशा भारत गैस एजेंसी में होम डिलीवरी के लिए वेंडरों की कमी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की. संबंधित एरिया मैनेजर को चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो एजेंसी का अनापत्ति प्रमाण पत्र तत्काल रद्द कर दिया जायेगा. डेटा के अनुसार, इंडेन की कुछ एजेंसियों शाहिद रमण इंडेन, एचपी गैस की कई शाखाओं में बैकलॉग सात से नौ दिनों तक पहुंच गया है. जिसे तत्काल कम करने का आदेश दिया. सिटी गैस सर्विस के प्रभारियों ने बताया कि डीआरएम के आदेशानुसार जिले के पश्चिमी हिस्से में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए रेलवे द्वारा सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है. इससे समाहरणालय, सरकारी आवासों, कारागृह एवं मोहल्लों में पाइपलाइन से गैस पहुंचेगी. डॉली पंप के पास निर्माणाधीन सप्लाई सेंटर में दो से तीन दिनों में बिजली आपूर्ति बहाल होते ही घरों तक गैस पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों की छुट्टियों के कारण लोडिंग में आयी अस्थायी कमी अब दूर हो गयी है. जिले के अधिकांश पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी पंप से ड्रम या जरिकन में खुले तेल की बिक्री नहीं की जायेगी, जिससे जमाखोरी को रोका जा सके. एरिया मैनेजरों ने सूचित किया कि व्यावसायिक सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. इच्छुक उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर तत्काल कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं. जिलाधिकारी ने सभी ऑयल कंपनियों को निर्देश दिया कि वे आम जनता को निर्बाध सेवा सुनिश्चित करें. अन्यथा जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




