शिक्षक से 34 हजार नगदी की लूट

शिक्षक से 34 हजार नगदी की लूट
एक बार फिर अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को दिया अंजाम कहरा. सोनबरसा कचहरी थाना क्षेत्र में परमिनिया के समीप एक पुलिया पर गुरुवार को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक शिक्षक से 34 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित शिक्षक संजीव कुमार ने सोनबरसा कचहरी थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में पीड़ित शिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि गुरुवार को वह एक बैंक से 34 हजार रुपये निकालकर सहरसा से अमरपुर स्थित महंत मिट्ठू दास उच्च विद्यालय जा रहे थे. परमिनिया से कुछ आगे मुख्य सड़क पर बने एक पुलिया के पास पीछे से आ रहे पल्सर बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया. अपराधियों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास रखे 34 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए. ज्ञात हो कि सोनबरसा कचहरी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में लूट की घटनाओं में वृद्धि हुई है. 17 मार्च को बिसनपुर के समीप एक बकरी व्यवसायी से बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े 12 हजार रुपये लूट लिए थे. वहीं, 23 मार्च को भरौली के पास एक एएनएम सीमा कुमारी से सोने की कानबाली लूट ली गई थी. अब 27 मार्च को शिक्षक से 34 हजार रुपये की लूट की घटना ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. इस संबंध में थाना प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मुस्तैदी से अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है, ताकि सभी घटनाओं में शामिल अपराधियों को पकड़ा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




