टिकट फर्जीवाड़ा : जांच के नाम पर मामले को दबाने की हो रही कोशिश

Updated at : 07 Aug 2018 6:07 AM (IST)
विज्ञापन
टिकट फर्जीवाड़ा : जांच के नाम पर मामले को दबाने की हो रही कोशिश

आरक्षण टिकट फर्जीवाड़ा जांच अधिकारी के पास फर्जीवाड़े का पुख्ता सबूत, फिर भी नहीं हो रही दलालों पर कोई कार्रवाई रेल अधिकारी के फर्जी लेटर हेड पर हेडक्वार्टर कोटा से होता था फर्जीवाड़ा बीते 10 जुलाई को हुआ था फर्जीवाड़े का खुलासा जांच करने पहुंची सीबीआइ अधिकारी को मिले हैं फर्जीवाड़े के पुख्ता सबूत सहरसा […]

विज्ञापन

आरक्षण टिकट फर्जीवाड़ा

जांच अधिकारी के पास फर्जीवाड़े का पुख्ता सबूत, फिर भी नहीं हो रही दलालों पर कोई कार्रवाई
रेल अधिकारी के फर्जी लेटर हेड पर हेडक्वार्टर कोटा से होता था फर्जीवाड़ा
बीते 10 जुलाई को हुआ था फर्जीवाड़े का खुलासा
जांच करने पहुंची सीबीआइ अधिकारी को मिले हैं फर्जीवाड़े के पुख्ता सबूत
सहरसा : आरक्षण टिकट फर्जीवाड़ा मामले में 27 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में सस्पेंस बरकरार है. हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला सामने आने के बाद स्पेशल जांच के लिए सहरसा पहुंची सीआईबी टीम के अधिकारियों को फर्जीवाड़े का पुख्ता सबूत हाथ लग चुका है. लेकिन ऊपर से आदेश नहीं मिलने और जब्त किये गये कंप्यूटर के डाटा रिकवरी नहीं होने को लेकर मामले को ठंढे बस्ते में डाल दिया गया है. मालूम हो कि जांच करने पहुंचे चार सदस्य टीम के अधिकारी के पास प्रकाश ट्रैवल्स के संचालक प्रकाश मिश्रा के खिलाफ ऐसे कई सबूत हाथ लगे हैं, जो उसके फर्जीवाड़े में पूरी तरह गहराई से शामिल होने की कहानी को बयां कर रहा है. हालांकि इस पूरे प्रकरण में सहरसा रेल पुलिस के कई लोग भी जांच के आधार पर घिर चुके हैं.
जिनकी रिपोर्ट भी तैयार कर सौंपी जा चुकी है. जिन पर गाज गिरना तय है. मिली जानकारी के अनुसार जांच टीम जब्त कंप्यूटर का डेटा रिकवरी नहीं होने पर भी मिले अन्य साक्ष्य के आधार पर प्रकाश ट्रैवल्स के संचालक के साथ-साथ फर्जीवाड़े में शामिल अन्य के खिलाफ आसानी से इस पूरे मामले से पर्दाफाश कर सकती है.
क्या था पूरा मामला: बीते 15 जुलाई को सहरसा में टिकट दलाल द्वारा दिल्ली के रेल अधिकारी के लेटरहेड का दुरुपयोग कर हेडक्वार्टर कोटा से बर्थ लिया गया था. जिस अधिकारी का फर्जी लेटरहेड बनाकर हेडक्वार्टर कोटा समस्तीपुर से बर्थ आवंटित कराया गया था. वे लोकसभा की रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सचिव तपन राय हैं. फर्जीवाड़ा कर हेडक्वार्टर कोटा से बर्थ लेने वाला दलाल शहर के शारदा नगर बटराहा वार्ड नंबर 27 निवासी रवि कुमार जायसवाल था. उसकी शहर के चांदनी चौक के पास जायसवाल ट्रैवल्स के नाम से दुकान भी संचालित थी. फर्जीवाड़ा का खुलासा समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीसीएम वीरेंद्र कुमार ने किया था.
वहीं फर्जीवाड़ा कर बर्थ आवंटित करा यात्रियों से अधिक पैसे लेकर बेचने वाले दलाल जायसवाल ट्रेवल्स के संचालक रवि जायसवाल को आरपीएफ ने सदर पुलिस के सहयोग से चांदनी चौक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सीनियर डीसीएम वीरेंद्र कुमार ने टिकट दलाल को गिरफ्त में लेने के लिए पहले बर्थ आवंटित कर दिया और बाद में विशेष टीम को भेज कर सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस में छापेमारी करायी थी. टीम ने ट्रेन में जांच कर यात्री के पास मौजूद टिकट को जब्त कर लिया.
हेडक्वार्टर कोटा से मिले बर्थ पर सफर कर रहे यात्री पप्पू साह ने मौखिक और लिखित में बताया कि उसने सहरसा के रवि कुमार जायसवाल को अधिक पैसे देकर आरक्षित टिकट खरीदा था. उसने अपने पास मौजूद रवि का विजिटिंग कार्ड भी दिखाया था. जिसके बाद आरक्षित रेल टिकट दलाली के फर्जीवाड़े का खुलासा संभव हो सका था.
मामले में अब तक की हुई कार्रवाई: आरक्षण रेल टिकट फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विरेंद्र कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते 10 जुलाई को टीटीइ नवरंग कुमार और 18 जुलाई को ट्विटर पर टिकट दलाल प्रकाश मिश्रा के साथ फोटो वायरल होने पर टीटीइ दिनेश कुमार को निलंबित किया है. वहीं आरक्षण पर्यवेक्षक बच्चालाल को भी निलंबित किया गया है. साथ ही सहरसा में टिकट कालाबाजारी समेत अन्य मामले में दोषी ठहराते हुए क‌र्त्तव्यहीनता के आरोप में सीटीटीआइ सतीश प्रसाद को भी निलंबित किया जा चुका है. निलंबित होने वाले में सहरसा में कार्यरत कर्मियों को निलंबन की अवधि में मुख्यालय समस्तीपुर रखा गया है.
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए रोज हो रहे नये प्रयोग
आरक्षण टिकट फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद से रेलवे रोज नये-नये प्रयोग करने में लगा है. फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद रेलवे सबसे पहले सहरसा के आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट को लेकर एक सूचना चिपकाया है. जिसमें तत्काल टिकट लेने वालों के लिए निर्देश लिखे गये है. जो मंडल रेल प्रबंधक के आदेशानुसार चिपकाया गया है. वहीं अब रेल यात्री को सुविधा प्रदान करने के लिए लंबी दूरी की ट्रेन में केवल सहरसा से छपरा तक रेल कैप्टन की तैनाती करने की कवायद हो रही है. जिसको लेकर खुद मंडल रेल प्रबंधक समस्तीपुर आर के जैन ने जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है. जल्द ही लंबी दूरी की ट्रेन में ट्रेन कैप्टन की तैनाती कर दी जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन