जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, फायरिंग व जेवर छीनने का आरोप

Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 28 May 2026 5:33 PM

विज्ञापन

जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, फायरिंग व जेवर छीनने का आरोप

विज्ञापन

एक ही परिवार के कई लोग घायल, सदर थाना में मामला दर्ज सहरसा. सदर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, फायरिंग और हंगामे का मामला सामने आया है. मामले को लेकर भर्राही वार्ड संख्या 05 निवासी शत्रुघ्न कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर अपने बड़े भाई रामचंद्र यादव समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाया है. पीड़ित शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि उनके पिता कमलेश्वरी यादव की जमीन पर बड़े भाई रामचंद्र यादव और उनकी पत्नी रश्मि देवी कब्जा जमाए हुए हैं. आरोप है कि परिवार के अन्य भाइयों और वृद्ध मां द्रोपदी देवी को भी जमीन से वंचित कर घर से भगा दिया गया है. पीड़ित के अनुसार बीते 20 मई को जमीन बंटवारे की बात करने पर विवाद बढ़ गया. आवेदन में कहा गया है कि रश्मि देवी के कहने पर रामचंद्र यादव, पुत्र हिमांशु कुमार और ऋषभ कुमार ने लाठी से हमला कर दिया. इस दौरान शत्रुघ्न कुमार के सिर पर वार किया गया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े. बीच-बचाव करने पहुंचे शंकर कुमार, कृष्ण कुमार और अन्य परिजनों के साथ भी लाठी एवं लोहे की रॉड से मारपीट की गई. घटना में कई लोग घायल हो गये. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि चंद्रेश्वरी यादव और रणधीर यादव ने लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वहीं कमलेश्वरी यादव पर अपनी पत्नी द्रोपदी देवी के साथ मारपीट करने और गला दबाने का आरोप लगाया गया है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि रश्मि देवी ने गले से डेढ़ भर सोने की चेन छीन ली, जिसकी कीमत करीब दो लाख 10 हजार रुपये बताई गयी है. आरोप है कि घटना के दौरान रामचंद्र यादव द्वारा बुलाए गये अज्ञात लोगों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई और केस करने पर जान से मारने की धमकी दी. हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद सभी की जान बच सकी. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पीड़ित ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने आवेदन के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया है.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन