सहरसा स्टेशन पर राज्यरानी एक्सप्रेस से 90 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, लावारिस बोरे की जांच शुरू

सहरसा स्टेशन पर बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ आरपीएफ की टीम. | Prabhat Khabar Network
RPF Action : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सहरसा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई की है. राज्यरानी एक्सप्रेस के जनरल कोच से लावारिस हालत में एक संदिग्ध बोरा बरामद हुआ, जिसमें से 90 बोतलें प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप मिलीं. पुलिस अब खेप के मालिक की तलाश कर रही है.
RPF Action : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुक्रवार को सहरसा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 15510 राज्यरानी एक्सप्रेस के जनरल कोच से लावारिस हालत में रखा एक संदिग्ध बोरा बरामद किया. जांच के दौरान बोरे से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 90 बोतलें मिलीं. बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 9 लीटर बताई गई है.
सूचना मिलते ही हरकत में आई आरपीएफ टीम
आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर से खुलने के बाद मार्गरक्षण दल में तैनात एएसआई सुनील कुमार ने जनरल कोच में संदिग्ध बोरा होने की सूचना दी थी. यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बोरे पर अपना दावा नहीं किया. इसके बाद आरपीएफ की टीम सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची और ट्रेन के पहुंचते ही कोच संख्या 225726/C की तलाशी ली.
गवाहों की मौजूदगी में खोला गया बोरा
आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार और प्रधान आरक्षी दिलीप कुमार ने गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध बोरे को खोला. तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 90 बोतलें बरामद हुईं. पूरी कार्रवाई नियमानुसार पूरी करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई.
16 हजार रुपये से अधिक आंकी गई कीमत
आरपीएफ के अनुसार बरामद कफ सिरप की एक खेप की अनुमानित कीमत 7,695 रुपये और दूसरी खेप की 8,325 रुपये है. इस तरह कुल बरामद सामग्री की कीमत 16,020 रुपये आंकी गई है. जब्त कफ सिरप और उससे संबंधित दस्तावेज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध निषेध थाना, सहरसा को सौंप दिए गए हैं.
खेप किसकी थी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप किसकी थी और इसे किस उद्देश्य से तथा कहां ले जाया जा रहा था. मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










