लखनऊ में हाई-वोल्टेज ड्रामा, आगरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाकर टावर पर चढ़ी महिला, CM से लगाई इंसाफ की गुहार
लखनऊ पहुंची महिला टावर पर चढ़ी
UP News: आगरा से आई एक महिला ने लखनऊ के हजरतगंज में टावर पर चढ़कर हंगामा मचा दिया. महिला का आरोप है कि आगरा पुलिस ने उसके नाबालिग बेटे की बेरहमी से पिटाई की, पैसे लूटे और मोबाइल भी तोड़ दिया. सीएम से न्याय की गुहार लगाई है.
UP News: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आगरा से आई एक महिला शिकायत लेकर टावर पर चढ़ गई. महिला का आरोप है कि आगरा में पुलिसकर्मियों ने उसके नाबालिग बेटे की पिटाई की, उससे रुपये छीन लिए और मोबाइल भी तोड़ दिया. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया.
सीएम से शिकायत करने लखनऊ पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान आगरा कैंट क्षेत्र के श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई है. उसने बताया कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहती थी. उसका कहना है कि आगरा पुलिस ने उसके बेटे के साथ गलत व्यवहार किया और न्याय नहीं मिलने पर वह अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए लखनऊ आई थी.
पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए
महिला ने आरोप लगाया कि उसने अपने नाबालिग बच्चों को रेलवे स्टेशन पर सामान लेने भेजा था. इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बच्चों पर चोरी का आरोप लगाकर उनकी पिटाई की, दो हजार रुपये छीन लिए और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया. महिला का यह भी दावा है कि विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई.
फायर टीम ने सुरक्षित नीचे उतारा
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फायर विभाग की टीम ने भी राहत अभियान चलाया और काफी देर तक समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ कर शिकायत का ब्योरा लिया.
शिकायत संबंधित अधिकारियों तक भेजी जाएगी
पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और शिकायत की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी. फिलहाल महिला सुरक्षित है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए