“BJP को किस बात का डर?” अखिलेश यादव ने लगाया जनता के हजारों करोड़ खर्च करने का आरोप, डिजिटल प्रचार पर छेड़ा नया सियासी संग्राम
अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछले एक दशक से राजनीतिक विरोधियों की छवि खराब करने के लिए सुनियोजित तरीके से नकारात्मक प्रचार पर भारी मात्रा में पैसा खर्च कर रही है.
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ सुनियोजित तरीके से नकारात्मक प्रचार (नेगेटिव कैंपेन) चलाने का गंभीर आरोप लगाया है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि पिछले एक दशक में प्रतिद्वंद्वियों की छवि धूमिल करने और भ्रामक कंटेंट फैलाने पर पानी की तरह पैसा बहाया गया है.
‘दूसरों की छवि खराब करने पर खर्च हो रहा पैसा’
अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों की छवि खराब करने के लिए नकारात्मक कंटेंट तैयार किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कंटेंट क्रिएटर्स से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें इस तरह के कंटेंट के लिए जोड़ा जा रहा है. अखिलेश के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में इस पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.
‘दुनिया में किसी राजनीतिक पार्टी ने इतना फंड नहीं दिया होगा’
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि शायद दुनिया में किसी राजनीतिक पार्टी ने नकारात्मक प्रचार के लिए इतना फंड नहीं दिया होगा, जितना भारतीय जनता पार्टी की सरकार दे रही है. उन्होंने भाजपा पर नकारात्मक प्रचार के जरिए अन्य दलों की छवि प्रभावित करने का आरोप लगाया.
‘घबराए हुए हैं, इसलिए नेगेटिव कंटेंट तैयार कर रहे’
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है और इसी वजह से नकारात्मक कंटेंट की तैयारी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से नेगेटिव कंटेंट तैयार किया जा रहा है और उसे लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. अखिलेश के ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए