कोर्ट के आदेश पर कहरा में चला बुलडोजर, सिंचाई विभाग की नहर किनारे वर्षों पुराने अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाया

अतिक्रमण हटवाते अंचल प्रशासन के कर्मी | Prabhat Khabar Network
Encroachment Drive : प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के बाद सिंचाई विभाग की नहर के किनारे वर्षों पुराने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया. अवैध कब्जों को हटाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया. अधिकारियों ने दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
Encroachment Drive : सहरसा जिले के कहरा अंचल क्षेत्र की बरियाही पंचायत में सिंचाई विभाग की नहर के दोनों ओर सरकारी जमीन पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की. न्यायालय के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया.
न्यायालय के आदेश पर शुरू हुई कार्रवाई
कहरा अंचल क्षेत्र की बरियाही पंचायत के वार्ड संख्या-10 में सिंचाई विभाग की नहर के दोनों ओर सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण को शुक्रवार को हटाया गया. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया. प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से नहर किनारे बने अवैध निर्माण और कब्जों को हटाना शुरू किया.
वर्षों पुराने विवाद के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सुरेश साह और प्रमोद साह के बीच सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला न्यायालय पहुंचने के बाद अदालत ने अंचल प्रशासन को तीन अगस्त तक संबंधित भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया था. इसी आदेश के आलोक में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को खाली कराया.
पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. अधिकारियों ने सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा नहीं करने की भी चेतावनी दी.
कार्रवाई के दौरान महिला हुई बेहोश
अभियान के दौरान एक अतिक्रमणकारी प्रमोद शाह की पत्नी सुनीता देवी अचानक बेहोश हो गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई.
राजस्व कर्मियों की रही मौजूदगी
अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई में राजस्व कर्मचारी रामनाथ पासवान, अमीन गणेश कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










