बनमनखी में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

मृतका फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
बनमनखी नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 में एक 33 वर्षीय विवाहिता फुलकारी देवी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
Woman Death: बनमनखी नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 में बुधवार को 33 वर्षीय फुलकारी देवी का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया है.
पति से फोन पर कहासुनी के बाद हुई घटना की चर्चा
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम, बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार तथा एसएफएल फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सैंपल एकत्रित किए. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
उपसभापति प्रतिनिधि वकील मंडल ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके कुछ समय बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे तो महिला को फंदे से लटका देखा. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
Woman Death: बताया जाता है कि फुलकारी देवी की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व हुई थी. उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं. घटना के बाद तीनों बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है.
पुलिस ने जांच जारी होने की कही बात
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले के सभी तथ्यों की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










