पूर्णिया विवि को इंटर का अंकपत्र जारी होने का इंतजार, अगले पखवारे यूजी नामांकन को ऑनलाइन आवेदन लेने के आसार

अगले पखवारे यूजी नामांकन को ऑनलाइन आवेदन लेने के आसार
पूर्णिया. स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नामांकन को समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को अंकपत्र आदि दस्तावेजों की जरूरत होगी. इसलिए बिहार बोर्ड की ओर से उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को अंकपत्र जारी होने का पूर्णिया विवि अभी इंतजार कर रहा है. इसके बाद ही नामांकन को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जायेगी. संभावना है कि अगले पखवारे से नामांकन को ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ हो जायेगा. इधर, उपकुलसचिव (शैक्षणिक) डा. नवनीत कुमार ने बताया कि पूर्णिया विवि ने यूजी नामांकन की सारी तैयारियां पहले से कर रखी हैं. 12 वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को अंकपत्र जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन लेना प्रारंभ कर दिया जायेगा. गौरतलब है कि बीते 04.05.2026 को पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय नामांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. बैठक में स्नातक (UG) सत्र 2026–2030 के नामांकन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए. इसके तहत नामांकन प्रक्रिया सत्र 2026–2030 के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी. बिहार सरकार की ओर से विभिन्न प्रखंडों में स्थापित 21 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में नामांकन इसी सत्र से प्रारंभ किया जाएगा. इन महाविद्यालय में 6 विषयों हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र में 48-48 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा. पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी अधिकतम दो जिला के महाविद्यालय चुने जाने का विकल्प विश्वविद्यालय नामांकन समिति ने प्रदान किया है. महाविद्यालय हेतु अधिकतम 11 विकल्प उपलब्ध रहेंगे जबकि न्यूनतम 05 महाविद्यालय को अनिवार्य रूप से विकल्प के रूप में लेना होगा. आवेदक विषय हेतु 02 विषय नामांकन हेतु विकल्प के रूप में चुन सकता है. मेरिट लिस्ट में 01 नंबर विकल्प के रूप में चुने गये विषय को वरीयता दी जाएगी. मेधा सूची एवं नामांकन इंटरमीडिएट 12वीं के प्राप्तांक पर आधारित होगा. विश्वविद्यालय स्तर पर यूजी नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अगले पखवारे होने की संभावना है. नामांकन प्रक्रिया 30 जून 2026 तक पूर्ण की जाएगी.कक्षाएं 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अपलोड किये सभी प्रमाणपत्र का सत्यापन महाविद्यालय स्तर से ही भौतिक रूप से हो सकता है. सभी महाविद्यालय के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया जाता है कि मेधा सूची में चयनित सभी आवेदकों को महाविद्यालय में नामांकन प्रदान करने से पूर्व सभी अंक पत्र/प्रमाणपत्र/जाति प्रमाण-पत्र का सत्यापन मूल से मिलान के बाद ही करेंगे. व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन महाविद्यालय स्तर से लिए जाने का निर्णय लिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










