बनमनखी में डीएम अंशुल कुमार का औचक निरीक्षण, छात्रावास और अनुमंडलीय अस्पताल में मिली कई कमियां, अधिकारियों को सख्त निर्देश

Updated:
विज्ञापन

फोटो | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बनमनखी अनुमंडल मुख्यालय में विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने छात्रावासों, विद्यालयों और अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारों के लिए सख्त निर्देश दिए.

विज्ञापन

Purnia News: पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने गुरुवार को बनमनखी अनुमंडल मुख्यालय में एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया.

उन्होंने प्लस टू सुमरित उच्च विद्यालय परिसर में संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास (प्रथम एवं द्वितीय), अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय तथा बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया.

छात्रावास में छात्रों से सीधे की बातचीत

डीएम ने सबसे पहले छात्रावास के कमरों, रसोईघर, भोजनालय, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया.

उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर भोजन, आवास और दैनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.

इस दौरान छात्रों ने खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर डीएम ने अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी समीर कुमार सुमन को आवश्यक खेल सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

खेल मैदान की मापी और चारदीवारी का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुमरित उच्च विद्यालय के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया.

उन्होंने मैदान की विधिवत मापी कराकर चारदीवारी निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालय और छात्रावास के विद्यार्थियों को सुरक्षित खेल परिसर उपलब्ध कराया जा सके.

जलजमाव की समस्या पर भी लिया जायजा

डीएम ने नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का भी स्थल निरीक्षण किया.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

इसके बाद जिला पदाधिकारी बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मॉडल प्रसव कक्ष, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, यक्ष्मा जांच केंद्र, टीबी पैथोलॉजी, ऑक्सीजन प्लांट, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया.

उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवा उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली.

प्रसूताओं के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मॉडल प्रसव कक्ष में भर्ती महिलाओं के लिए जीविका समूह के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की नियमित सफाई और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए.

क्षतिग्रस्त दरवाजे और बंद ऑक्सीजन प्लांट पर नाराजगी

अस्पताल निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर दरवाजे क्षतिग्रस्त पाए गए और साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली.

इस पर डीएम ने संबंधित कार्य एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने और उसके भुगतान में कटौती की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया.

उन्होंने बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट सहित अन्य आवश्यक संसाधनों को शीघ्र चालू करने का भी निर्देश दिया.

प्रशासन की प्राथमिकता बेहतर सुविधाएं

निरीक्षण के बाद डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि छात्रावास, आवासीय विद्यालय और अनुमंडलीय अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया है.

उन्होंने कहा कि सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.

उनके अनुसार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बच्चों, मरीजों और आम लोगों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुरेन्द्र कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचल पदाधिकारी प्रभास कुमार, बीपीआरओ चंदन कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार और अस्पताल प्रबंधक अनिल कुमार पासवान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ

Also Read: बांकीपुर में BJP की हार की अंदरूनी कहानी, समीक्षा बैठक में खुलीं कई परतें, नैरेटिव से लेकर राशन कार्ड तक पर हुई चर्चा


विज्ञापन
अरुण कुमार

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन