पूर्णिया में ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के लिए नया नियम, 8 अगस्त से बिना कलर कोड वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई
कलर कोड के साथ ऑटो चालक | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया शहर में ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. अब ऑटो और ई-रिक्शा को निर्धारित कलर कोड प्रणाली के तहत ही संचालित किया जाएगा. यह व्यवस्था 8 अगस्त से लागू होगी, जिसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Purnia News: पूर्णिया शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित ऑटो संचालन और यात्रियों की शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. अब शहर में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन निर्धारित कलर कोड प्रणाली के तहत ही होगा. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है और 8 अगस्त 2026 से इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई शुरू होगी.
क्यों लागू की गई कलर कोड व्यवस्था?
प्रशासन का कहना है कि पूर्णिया शहर में अलग-अलग रूटों पर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम, रूट विवाद और यात्रियों की असुविधा जैसी समस्याएं सामने आती थीं. कलर कोड लागू होने से हर वाहन का एक तय मार्ग होगा और उसी रूट पर उसका संचालन किया जाएगा.
इस व्यवस्था से शहर में यातायात अधिक व्यवस्थित होगा, जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
8 अगस्त से विशेष अभियान
यातायात डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि 8 अगस्त से परिवहन विभाग और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे. इस दौरान बिना कलर कोड वाले या गलत रूट पर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यक होने पर वाहन जब्त भी किए जाएंगे.
उन्होंने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की कि वे अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित मार्ग और उससे संबंधित कलर कोड का चयन कर उसी के अनुरूप वाहन चलाएं.
यात्रियों को भी मिलेगा सीधा फायदा
कलर कोड प्रणाली का सबसे बड़ा लाभ यात्रियों को मिलेगा. अक्सर ऑटो या टोटो में मोबाइल, बैग, दस्तावेज या अन्य सामान छूट जाने पर वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है.
अब यदि किसी यात्री का सामान वाहन में रह जाता है, तो कलर कोड के आधार पर संबंधित रूट और वाहन की पहचान आसानी से की जा सकेगी. इससे खोया हुआ सामान मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी.
सफर से पहले कलर कोड जरूर देखें
यातायात पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी ऑटो या ई-रिक्शा में बैठने से पहले उसका कलर कोड अवश्य देखें.
साथ ही चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों को अपने वाहन के निर्धारित कलर कोड और रूट की जानकारी दें. इससे भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी और यातायात व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी.
कौन-सा कलर किस रूट के लिए?
लाइन बाजार पड़ाव
हरा-A: जीरोमाइल-डगरूआ मार्ग
हरा-B: रामबाग-करावा-जलालगढ़ मार्ग
गिरजा चौक पड़ाव
नीला-A: जगेली मार्ग
नीला-B: के. नगर-काझा मार्ग
कटिहार मोड़ पड़ाव
पीला-A: मझेली-सपनी मार्ग
पीला-B: रानीपतरा-रौतारा मार्ग
बस स्टैंड पड़ाव
उजला: हरदा-गेराबाड़ी मार्ग
जीरोमाइल पड़ाव
गुलाबी-A: डगरूआ मार्ग
गुलाबी-B: कसबा-जलालगढ़ मार्ग
गुलाबी-C: बेलौरी चौक मार्ग
आंतरिक शहर क्षेत्र
लाल कलर कोड: नगर निगम क्षेत्र के भीतर सभी प्रमुख पड़ावों को जोड़ने और कम दूरी के आंतरिक मार्गों पर परिचालन के लिए
Purnia News: प्रशासन ने दी अंतिम चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कलर कोड व्यवस्था केवल औपचारिक निर्देश नहीं, बल्कि अनिवार्य नियम है. 8 अगस्त से शुरू होने वाले अभियान के बाद बिना कलर कोड वाले ऑटो और ई-रिक्शा पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरुण कुमार
अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










