मंडी हाउस से पीएम आवास की ओर कूच: संतों ने राम मंदिर के चढ़ावे पर उठाए सवाल, समर्थन में उतरे सांसद पप्पू यादव
संतों के साथ प्रदर्शन में शामिल सांसद पप्पू यादव | Prabhat Khabar Network
दिल्ली में साधु-संतों ने प्रमुख सनातन मंदिरों में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव भी इस आंदोलन में शामिल हुए और संतों के साथ पीएम को ज्ञापन सौंपने की बात कही. प्रदर्शनकारियों ने 3000 करोड़ रुपये से अधिक के चढ़ावे के हिसाब पर सवाल उठाए.
अयोध्या के राम मंदिर समेत देश भर के प्रमुख सनातन मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए जाने वाले चढ़ावे और दान की राशि के प्रबंधन को लेकर दिल्ली में साधु-संतों ने जोरदार प्रदर्शन किया. मंडी हाउस से प्रधानमंत्री आवास की ओर कूच करने पहुंचे संत समाज के इस आंदोलन में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव भी शामिल हुए. संतों और सांसद ने मंदिर ट्रस्ट व प्रबंधन में पारदर्शिता की मांग करते हुए प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने की बात कही.
संत समाज के नेतृत्व में दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन
सनातन आस्था से जुड़े मंदिरों के चढ़ावे के कथित दुरुपयोग और पारदर्शी प्रबंधन की मांग को लेकर दिल्ली के मंडी हाउस पर संतों का जमावड़ा हुआ. स्वामी प्रकाश आनंद महाराज, जगद्गुरु स्वामी योगेश जी और आचार्य महाराज कंप्यूटर बाबा के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में साधु-संतों ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया. संतों का कहना है कि देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और ट्रस्टों में जमा होने वाली राशि की सही जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए.
संतों को सौंपी जाए मंदिरों की जिम्मेदारी: पप्पू यादव
प्रदर्शन में शामिल होकर संतों की मांगों का जोरदार समर्थन करते हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूरे देश का संत समाज अपनी आवाज उठाने दिल्ली पहुंचा है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और उसकी प्राचीन परंपराओं की रक्षा केवल साधु-संत ही कर सकते हैं. इसलिए मंदिरों और धार्मिक संस्थानों के संचालन एवं व्यवस्था की मुख्य जिम्मेदारी संतों को ही सौंपी जानी चाहिए, न कि प्रशासनिक या निजी हाथों में.
3,000 करोड़ के दान और चांदी की ईंटों के हिसाब पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव ने चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर तीखे सवाल खड़े किए. उन्होंने 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की कथित दान राशि और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई चांदी की ईंटों के उपयोग का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की. सांसद ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे देश भर से आए संतों से सीधा संवाद स्थापित करें और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए दान प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरुण कुमार
अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










