पूर्णिया शहर में एक बार फिर कोढ़ा का जुराबगंज गिरोह हुआ सक्रिय
Updated at : 10 Apr 2026 5:53 PM (IST)
विज्ञापन

ठगी के साथ चेन छिनतई व बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ी
विज्ञापन
– ठगी के साथ चेन छिनतई व बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ी
पूर्णिया. शहरी क्षेत्र में एक बार फिर कटिहार जिले के कोढ़ा थाना अंतर्गत जुराबगंज गिरोह सक्रिय हो गया है. ठगी के साथ -साथ सोने की चेन छिनतई एवं लगातार हो रहे बाइक चोरी में इस गिरोह की संलिप्तता उजागर हुई है. बीते 6 अप्रैल की दोपहर एक चोर को लोगों ने बाइक चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया और उसकी जम कर पिटाई कर दी. यह घटना समाहरणालय परिसर में हुई थी. बाद में केहाट थाना की पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पकड़ाये आरोपी शेखर यादव उर्फ गोपीचंद्र कोढ़ा थाना अंतर्गत नया टोला जुराबगंज का रहनेवाला है. इस घटना के दो दिन बाद एक बाइक सवार के गले से सोने की चेन एवं अंगुठी को सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिसवाला बन कर दो अज्ञात व्यक्ति के हिदायत पर कागज में लपेट कर पेंट के पॉकेट में रखवा लिया बाद में पता चला कि अज्ञात दोनों व्यक्ति ने बाइक सवार के चेन एवं अंगुठी उड़ा कर फरार हो गया है. इस घटना से दो दिन पूर्व दुर्गाबाड़ी मोहल्ले में मॉनिँग वाक के लिये घर से बाहर निकली एक महिला के गले से सोने की चेन छीन कर बाइक सवार बदमाश फरार हो गया . इतना ही नहीं बीते एक पखवाड़े में शहरी थाना क्षेत्र के लाइन बाजार खुश्कीबाग एवं कचहरी के इलाके से एक दर्जन से अधिक बाइक की चोरी हो चुकी है. सहायक खजांची थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार बताते हैं कि हाल के दिनों में कोढ़ा गैंग शहरी क्षेत्र में सक्रिय हो गया है. बाइक चोरी की घटना में इनकी संलिप्तता पायी गयी है. उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में मीरगंज में पकड़ाये चार बाइक चोर कोढ़ा गिरोह के सदस्य पाये गये और सभी जुराबगंज के रहनेवाले हैं. तीन दिन पूर्व खुश्कीबाग में सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो गाड़ी का शीशा तोड़ कर दो लाख रुपये नगद की चोरी हो गयी.हाइस्पीड बाइक के इस्तेमाल में माहिर है कोढ़ा गिरोह
कटिहार जिले के कोढ़ा गिरोह की सबसे बड़ी विशेषता है कि इसके सदस्य हाईस्पीड बाइक की सवारी करते हैं. लूट और छिनतई की घटना को बिना हथियार अंजाम देते हैं. इस गिरोह के सदस्यों को विरासत में ही यह पेशा मिलता है. कोढ़ा के जुराबगंज में करीब दो दर्जन परिवार लूटपाट और बाइक चोरी काम कर रहे हैं. पुलिस के अनुसार कोढ़ा गिरोह सिर्फ बाइक का ही इस्तेमाल करता है. यह गिरोह न तो रेल की सवारी करता है और न ही बस की. ये बिहार, बंगाल, झारखंड से लेकर उड़ीसा तक बाइक से ही सफर करते हैं. घटना को अंजाम देने के बाद यह गिरोह तुरंत उस शहर को छोड़ देते हैं और दूसरे राज्य पहुंच जाते हैं. कोढ़ा गिरोह ठगी और सोने के जेवर चमकाने के बहाने अब तक कई महिलाओं को चूना लगा चुका है. मोबाइल छिनतई में भी कोढ़ा गिरोह महारत हासिल की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




