आखिर पूर्णिया पर मेहरबान हुआ मौसम, बरसे बादल तो गर्मी से मिली राहत

Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 06 Jun 2026 6:35 PM

विज्ञापन

भीषण गर्मी से झुलस रहे पूर्णिया में शनिवार सुबह झमाझम बारिश ने राहत दी। हाड़-तोड़ गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम सुहाना रहेगा और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 10 जून को छोड़कर 12 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

विज्ञापन

पूर्णिया से रिपोर्ट :

पूर्णिया. भीषण गर्मी में झुलसाने के बाद आखिर मौसम पूर्णिया पर मेहरबान हुआ. शनिवार को सुबह-सुबह झमाझम बारिश हो गई जिससे हाड़-तोड़ गर्मी का दौर थम गया और लोगों को राहत भी मिली. वैसे, राहत की खबर है कि अगले चार दिनों तक मौसम सुहाना बना रहेगा और बारिश का दौर जारी रहेगा. पूर्णिया के मौसम इंडेक्स की मानें तो इस भीषण तपन से राहत का यह सिलसिला सिर्फ एक दिन का नहीं है, बल्कि अगले 12 जून तक मौसम का रुख इसी तरह रहने वाला है. इसमें 10 जून को छोड़कर चारों दिन मौसम खराब रहने वाला है. इंडेक्स के मुताबिक, शनिवार से शुरू होकर आगामी 12 जून तक लगातार यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. राहत की बात यह है कि इस पूरे सप्ताह के दौरान सिर्फ 10 जून को कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. शेष सभी दिनों में रूक-रूक कर झमाझम बारिश, वज्रपात और धूलभरी आंधी चलने की प्रबल संभावना जताई गई है.

अगले 48 घंटे तक छाए रहेंगे घने बादल

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही अत्यधिक नम हवाओं के चलते सीमांचल के ऊपर एक चक्रवाती दबाव की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण अगले 24 से 48 घंटों तक पूर्णिया के आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर रूक-रूक कर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रह सकता है. शनिवार को पूर्णिया में मौसम का अधिकतम 31.3 एवं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. इधर, शनिवार को आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादल बरस गये जिससे मौसम जरुर कूल-कूल हो गया पर बारिश के कारण दूसरी परेशानियां खड़ी हो गईं. सबसे पहले तो बारिश शुरू होते ही बिजली चली गई और फिर शहर के कई मुहल्लों में कुछ देर के लिए लोगों को जलजमाव की फजीहत झेलनी पड़ी. हालांकि बारिश थमने के कुछ घंटे बाद पानी निकल गया पर थोड़ी देर के लिए लोग परेशान हो गये.

प्रशासन की अपील और बचाव के उपाय

खराब मौसम और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय जिला प्रशासन ने किसानों, मखाना उत्पादकों और आम नागरिकों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है. प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि जब आसमान में मेघ गर्जन हो या बिजली कड़क रही हो, तो किसान भाई खेतों में काम करना तुरंत बंद कर दें. किसी भी हाल में बिजली के खंभों, ऊंचे पेड़ों या एकांत में बने कच्चे छप्परों के नीचे शरण न लें, बल्कि तुरंत पक्के मकानों की शरण में चले जाएं. तेज हवाओं के दौरान वाहन चालकों को भी हाईवे पर सावधानी से गाड़ी चलाने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की गई है.

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन