20 हजार रुपये में किशनगंज के शातिर ने बेची थी चोरी की बाइक, खरीदार समेत दोनों गिरफ्तार, वाहन जब्त
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 10 Apr 2026 6:06 PM
खरीदार समेत दोनों गिरफ्तार, वाहन जब्त
बैसा. अनगढ़ थानाक्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सअनि मो. सजमुल हसन गुरुवार शाम करीब 5 बजे सशस्त्र बल के साथ सरकारी वाहन से गश्ती एवं वाहन जांच के लिए निकले थे. इसी क्रम में कुट्टी हाट स्थित पीपलतोड़ा मोड़ के पास शाम लगभग 6:20 बजे एक काले एवं लाल रंग की बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे बाइक सहित पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम मो हुसैन 25 निवासी नेहुरी गांव बताया. प्रारंभ में उसने भागने का स्पष्ट कारण नहीं बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसे उसने किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के पिपला गांव निवासी कालु, से 20 हजार रुपये में खरीदा था, जिसमें से 10 हजार रुपये वह दे चुका है और शेष राशि बाद में देने की बात तय थी. उसने यह भी बताया कि पहचान छिपाने के लिए बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाया है. पुलिस ने जांच के दौरान मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर और नंबर प्लेट में दर्ज रजिस्ट्रेशन नंबर का मिलान करने पर दोनों अलग-अलग पाए गए, जिससे वाहन चोरी का मामला स्पष्ट हो गया. इसके बाद पुलिस ने बाइक को विधिवत जब्त कर लिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसी आधार पर चोरी की मोटरसाइकिल बेचने वाले कालु, किशनगंज को भी छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपी के खिलाफ चोरी, चोरी की संपत्ति खरीद-बिक्री तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाने जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी में सअनि सजमुल हसन सहित पुलिस बल मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










