विधायक अख्तरूल इमान ने सदन में उठाया सड़क का मसला
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 11 Feb 2026 6:34 PM
अमौर
अमौर. अमौर प्रखंड के खेमिया गांव के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की समस्या अब बिहार विधानसभा के पटल पर पहुंच गई है. क्षेत्रीय विधायक अख्तरुल ईमान ने सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से अविलंब सड़क निर्माण की मांग की है. उन्होंने बताया कि सड़क नहीं बनने से महज 3 किलोमीटर की सीधी दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को बुनियादी ढांचे के अभाव में 11 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है. विधायक अख्तरुल ईमान ने सदन को अवगत कराया कि सड़क की अनुपलब्धता केवल दूरी का मामला नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन का कारण बन रही है. आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना एक बड़ी चुनौती है. छात्र-छात्राओं ,किसानों और व्यापारियों को भी काफी परेशानी है. बरसात के दिनों में यह कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे खेमिया गांव का संपर्क बाहरी दुनिया से लगभग कट जाता है. विधायक अख्तरुल ईमान ने सरकार से मांग की है कि इस सड़क परियोजना को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति दी जाए और निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










