अमौर में पैर फिसलने पर नदी में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 27 May 2026 5:57 PM
परिजनों में कोहराम
पूर्णिया. पूर्णिया के अमौर थानाक्षेत्र में बीती रात मांगनपुरी में परमान नदी किनारे पैर फिसलने से एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गयी. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक युवक की पहचान मांगनपुरी निवासी दिलीप महलदार के 29 वर्षीय पुत्र शंकर महलदार के रूप में हुई है. पंचायत क्षेत्र के मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि बीती रात शंकर महलदार घर से निकलकर नदी किनारे शौच के लिए गया था. इस दौरान बारिश होने लगी, जिससे पैर फिसल जाने के कारण वह सीधे गहरे पानी में चला गया. नदी के तेज बहाव और गहराई के चलते वह खुद को संभाल नहीं पाया और पानी में डूब गया. जब युवक देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की. सुबह नदी किनारे ग्रामीणों और परिजनों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. घटना की जानकारी मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है. इस हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, घटना की जानकारी सांसद पप्पू यादव के प्रतिनिधि आदिल आरजू को मिलते ही पोस्टमार्टम पहुंच कर परिवार को ढांढस दिया और गाड़ी व्यवस्था कर शव को उनके घर भेजवाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










