बिहार: थानेदारों को भी रेड की धमकी देता था नटवरलाल, खुद को प्रधान सचिव बताने वाला ऐसे धराया..

Bihar News: बिहार के पूर्णिया में पुलिस ने एक ठग को पकड़ा है जो खुद को ग्रामीण कार्य विभाग का प्रधान सचिव बताकर अधिकारियों को भी हड़काता था. वह कई थानेदारों को फोन करके धमकाता रहा. वहीं उसकी जब पोल खुली तो हवालात पहुंच गया.
पूर्णिया. खुद को बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग का प्रधान सचिव बताकर लोगों से लाखों की ठगी करने वाला एक फर्जी अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. ओहदे का धौंस दिखाकर शातिर ठग पिछले चार महीने से अधिकारियों के नाक में दम कर रखा था. शातिर ठग कॉल पर खुद को अधिकारी बताकर थानेदार और ड्रग इंस्पेक्टर से रेड करवाता था. इसका खुलासा तब हुआ खुला, जब शहर के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के रजनी चौक भट्टा बाजार के रहने वाले मो बिलाल अहमद नाम के ठगी के शिकार पीड़ित ने पुलिस से इसकी शिकायत की. गिरफ्तार किये गये ठग की पहचान भागलपुर जिले के खरीक के वेस्ट घरारी निवासी मो नाजिर के रूप में हुई है. वह फिलहाल शहर के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के लाइन बाजार शिव मंदिर रोड स्थित मुसाफिरखाना में रहता था.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 35 लाख से अधिक के 30 चेक, फर्जी आर्म्स लाइसेंस, फर्जी आर्म्स लाइसेंस बनाने का दर्जन आवेदन, नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लिए गये दर्जनों दस्तावेज, चार पीस मोहर, खाद-बीज का फर्जी लाइसेंस बनाने से जुड़े दर्जनों दस्तावेज बरामद की है. शुक्रवार को सहायक खजांची थाना में सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि बीते चार महीने से शातिर ठग फोन पर खुद को ग्रामीण कार्य विभाग का प्रधान सचिव बताकर पुलिस के अधिकारियों को कॉल कर रहा था.
ओहदे का रौब दिखाकर यह ठग सिटी एसपी भागलपुर, कई डीएसपी, सीओ, थानेदार और ड्रग इंस्पेक्टर को कॉल कर रेड करवाता था. फोन पर अधिकारियों को कॉल कर विभाग के सीनियर से शिकायत करने की धमकी देता था. इससे कनीय अधिकारी परेशान रहते थे. पुलिस जब रेड करने जाते तो उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता था.
Also Read: Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी, मौत का तांडव शुरू, 6 डिग्री से नीचे गिरा पारा
एसडीपीओ ने बताया कि गुरुवार शाम खजांची थाना क्षेत्र के रजनी चौक भट्टा बाजार के रहने वाले मो. बिलाल अहमद नाम के एक पीड़ित ने सहायक थाना पहुंचकर शिकायत की. बताया कि एक ठग ने उससे अपनी कंपनी का खाद्य-बीज का डीलरशिप दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये की ठगी की है और अब उसे धमकी दे रहा है. पुलिस ने जब पीड़ित से ठग का मोबाइल नंबर लिया तो वह नंबर थानेदार के मोबाइल फोन में सेव किये गये नंबर से मिलने लगा. यह वही नंबर निकला, जिससे उन्हें ग्रामीण कार्य विभाग के प्रधान सचिव बताकर रेड करने की धमकी दी जा रही थी. इसके बाद नंबर ट्रेस किया गया. प्राप्त लोकेशन के आधार पर बस स्टैंड स्थित एक होटल के कमरे से ठग को गिरफ्तार किया गया.
ठग ने अबतक 50 से अधिक लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया. उसके पास से 35 लाख से अधिक के चेक, फर्जी आर्म्स लाइसेंस बनाने का आवेदन, नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लिए गये दस्तावेज, चार पीस मोहर, खाद्य बीज का फर्जी लाइसेंस बनाने से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. खाद्य-बीज का फर्जी लाइसेंस दिलाने के नाम पर उसने कई लोगों से ठगी की. शातिर ठग ने बताया कि उसने लोगों से ठगी करने के लिए साल भर पहले जनजीवन नाम की खाद-बीज की कंपनी बनायी. इसके बाद खाद-बीज का फर्जी लाइसेंस दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी की. वह यह रुपये चेक या फिर डिजिटल पेमेंट के माध्यमों से लेता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










