ePaper

बिहार की गायिका मैथिली ठाकुर को मिला नेशनल क्रिएटर्स पुरस्कार, पीएम मोदी ने कार्यक्रम में किया सम्मानित

Updated at : 08 Mar 2024 12:23 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार की गायिका मैथिली ठाकुर को मिला नेशनल क्रिएटर्स पुरस्कार, पीएम मोदी ने कार्यक्रम में किया सम्मानित

बिहार की गायिका मैथिली ठाकुर को नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड दिया गया. पीएम मोदी ने मैथिली ठाकुर को सम्मान सौंपा.

विज्ञापन

देशभर के 23 चेहरों को शुक्रवार को नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया. पहली बार यह अवार्ड दिया जा रहा है. बिहार से गायिका मैथिली ठाकुर को भी यह अवार्ड मिला है. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों से उन्हें यह पुरस्कार दिया. कुल 23 विजेताओं को यह अवार्ड मिला है. अलग-अलग कैटेगरी में ये अवार्ड दिए गए हैं.

पीएम मोदी ने दिया मैथिली ठाकुर को अवार्ड

पीएम मोदी ने मैथिली ठाकुर को अवार्ड सौंपते हुए आग्रह किया कि आज शिवजी का भजन लोगों को सुना दें. जिसके बाद मैथिली ठाकुर ने कार्यक्रम के मंच से ही पीएम मोदी के सामने शिव भजन गाकर लोगों को सुनाया. मैथिली ठाकुर को उनके इस भजन पर जमकर तालियां मिलीं. पीएम मोदी ने भी उनके गायन की तारीफ की. वहीं प्रधानमंत्री ने मैथिली ठाकुर को एक जर्मनी के बच्ची की कला को बताया. उन्होंने बताया कि वो बच्ची जन्मांध है. देख नहीं सकती लेकिन दक्षिण भारत की भाषाओं की गीत काफी अच्छा गाती है. पीएम ने बताया कि उस बच्ची ने तमिल में शिव भजन सुनाया. वहीं मैथिली ठाकुर के गायन की तारीफ भी करते हुए पीएम ने उन्हें शुभकामनाएं दी.

मैथिली ठाकुर ने पीएम मोदी संग ली सेल्फी

मैथिली ठाकुर ने मंच पर एक फोटो मोबाइल में कैद करने का आग्रह पीएम मोदी से किया. जब मैथिली ठाकुर ने सेल्फी का आग्रह किया तो पीएम मोदी ने चुटकी भी ली. उन्होंने कहा कि अब सेल्फी के बिना काम नहीं चलता. खुशी से पीएम ने मैथिली ठाकुर के साथ सेल्फी ली.बता दें कि पीएम मोदी ने कई बार मैथिली ठाकुर की चुटकी ली. पीएम ने जब उन्हें भजन गाने का आग्रह किया तो कहा कि आप आज कुछ सुना दें लोगों को. लोग मेरा सुन-सुनकर थक जाते हैं. मैथिली ठाकुर ने जब हामी भरी तो पीएम ने कहा इसका मतलब कि लोग मुझे सुनकर थक जाते हैं. पीएम मोदी व मैथिली ठाकुर समेत कार्यक्रम में आए सभी लोग जोरदार ठहाका लगाकर इसपर हंसे.

अलग-अलग कैटेगरी में दिए गए अवार्ड

बताते चलें कि 20 कैटेगरी में ये अवार्ड दिए गए हैं. मैथिली ठाकुर को कल्चरल एंबेसडर ऑफ द इयर का अवार्ड मिला है. वहीं विजेताओं में कथावाचिका जया किशोरी भी शामिल रहीं. पीएम मोदी ने जयाकिशोरी को भी अवार्ड देकर सम्मानित किए. दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात के 110वें एपिसोड में इस अवार्ड का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि सरकार ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के टैलेंट का सम्मान करने के लिए इस अवार्ड की शुरुआत की है. पीएम ने प्रतिभावान लोगों को नॉमिनेट करने की अपील की थी. उन प्रभावी आवाजों को सम्मानित किया जा रहा है. करीब 1.5 लाख नॉमिनेशन इसके लिए हुए थे. वोट के जरिए इनका चुनाव किया गया.

इन विजेताओं को पीएम ने दिया अवार्ड..

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में अमन गुप्ता, पीयूष पुरोहित,अरिदमन,अंकित बैयानपुरिया,निश्चय,नमन देशमुख,कविता सिंह,RJ रौनक (बौआ),श्रद्धा,मल्हार कलांबे,गौरव चौधरी,जान्हवी सिंह,कामिया जानी,ड्रूयू हिक्स,पंक्ति पांडे,रणवीर अल्लाहबादिया (बीयर बाइसेप्स) और कीर्तिका गोविंदासामी को भी अवार्ड दिए. मैथिली ठाकुर व जया किशोरी को भी पुरस्कार दिया गया.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन