पटना में लिफ्ट देने के बहाने ठगी, ठगों ने 35 हजार रुपये और सामान लेकर युवक को बनाया शिकार

सांकेतिक तस्वीर
लुधियाना के मंटू दास नौबतपुर में शातिर ठगों का शिकार हुए. घर लौटते वक्त बाइक सवार युवकों ने लिफ्ट देने का झांसा देकर ₹35 हजार नकद और कीमती सामान ठग लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
नौबतपुर. पंजाब के लुधियाना स्थित एक निजी कंपनी में काम करने वाले मंटू दास नौबतपुर में शातिर ठगों का शिकार हो गए. घर लौटने के दौरान बस से उतरने के बाद दूसरी गाड़ी का इंतजार कर रहे मंटू को बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने का झांसा दिया और रास्ते में ठगी की घटना को अंजाम दे दिया.
पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर रची ठगी की साजिश
मंटू दास ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने कुछ दूर जाने के बाद उन्हें बताया कि आगे पुलिस की सख्त चेकिंग चल रही है. सामान पर मुहर लगवाने के बाद ही आगे जाने दिया जाएगा. ठगों ने विश्वास जीतने के लिए अपना एक बैग मंटू को दे दिया और कहा कि इसमें उनके 25 हजार रुपये रखे हुए हैं.
इसके बाद दोनों युवकों ने मंटू से उनका 35 हजार रुपये नकद और कीमती सामान से भरा डब्बा ले लिया. मुहर लगवाने का बहाना बनाकर दोनों मौके से फरार हो गए.
बैग खोला तो निकले पुराने कपड़े
काफी देर तक जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे तो मंटू को शक हुआ. उन्होंने ठगों द्वारा दिए गए बैग को खोला तो उसमें रुपये की जगह सिर्फ फटे-पुराने कपड़े मिले. इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला.
पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के झांसे में आकर किसी भी तरह का सामान या नकदी किसी को न सौंपें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










