संवाददाता, पटना
ट्रक का लोन भरने के लिए मालिक मंटू कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिल कर डकैती की साजिश रची थी. घटना गौरीचक थाना क्षेत्र की है. पुलिस को मालिक ने डकैती की झूठी कहानी सुनायी, जिसके बाद जीरो प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गयी, तो मामला ही कुछ और निकला. दरअसल, ट्रक मालिक लोन नहीं भर पा रहे थे. लोन का इएमआइ देने के लिए उसने अपने दो साथियों-नितीश और रितेश के साथ मिल कर डकैती की साजिश रची और ट्रक पर लदे 560 बोरी धान को एक कारोबारी के पास पांच लाख 21 हजार रुपये बेच दिया.
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम बनायी गयी और जांच कर ट्रक मालिक मंटू और उसके साथ नीतीश कुमार गिरफ्तार कर लिया. नीतीश के पास से 29,550 रुपये, एक बाइक और मोबाइल बरामद किया है. वहीं, एनटीपीसी बाढ़ इलाके से ट्रक, कारोबारी के पास से 560 बोरा धान बरामद कर लिया है. एसपी ने बताया कि इस मामले में कारोबारी को गवाह बनाया गया है. धान के एवज में कारोबारी ने 1.25 लाख कैश दिया था और बाकी का पैसा धान बेचने के बाद देने वाला था. गिरफ्तार दोनों आरोपित फतुहा इलाके के रहने वाले है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

