तनिष्क लूट का मास्टरमाइंड सुबोध सिंह के राइट हैंड का मर्डर, लुटेरों को मुहैया कराता था हथियार और बाइक
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 12 Apr 2025 10:50 AM
मौके पर पहुंची पुलिस
Bihar Crime: पटना में दिनदहाड़े मारे गए नवनीत उर्फ फागो की हत्या ने कुख्यात लुटेरा सुबोध सिंह के गैंग की साजिशों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. करोड़ों की सोना लूट में शामिल नवनीत, सुबोध सिंह का सबसे भरोसेमंद साथी था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गैंग के भीतर सोना के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने उसकी जान ले ली.
Bihar Crime: पटना से सटे फुलवारी शरीफ में शुक्रवार दोपहर को अपराध की दुनिया से जुड़े एक बड़े चेहरे की कहानी खून में सनी सड़क पर खत्म हो गई. CRPF हवलदार शैलेंद्र सिंह के बेटे नवनीत सिंह उर्फ फागो की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. नवनीत का नाम देशभर में चर्चित सोना लूटकांडों से जुड़ा रहा है, और पुलिस सूत्रों का मानना है कि उसकी मौत भी इन्हीं काले धंधों के विवाद की देन है.
गैंगवार का शिकार या साजिश का शिकार?
मोकामा के औंटा गांव का रहने वाला नवनीत, पश्चिम बंगाल की जेल में बंद कुख्यात लुटेरे सुबोध सिंह का सबसे भरोसेमंद आदमी था. पुलिस को शक है कि 2024 में पूर्णिया के तनिष्क शोरूम से हुई 3.70 करोड़ की लूट की साजिश में भी उसका बड़ा हाथ था. STF ने नवनीत को पहले भी गिरफ्तार किया था, जब उसने साथी आयुष के साथ अपराधियों के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे.
वारदात की पूरी कहानी
शुक्रवार को करीब 2 बजे किसान कॉलोनी फेज वन में नवनीत अपनी बाइक पर मौजूद था, तभी दो अज्ञात हमलावर बाइक से पहुंचे. उन्होंने पहले कनपटी और फिर सीने में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया. घटनास्थल पर उसकी बाइक, हेलमेट, 9 एमएम पिस्टल, दो मोबाइल और कारतूस मिले. पुलिस ने वहां से दो खोखा और एक जिंदा गोली भी जब्त की है.
डायल लिस्ट से खुल सकते हैं राज
पुलिस को नवनीत का एक आईफोन और एक दूसरा फोन मिला है. डायल लिस्ट में केवल तीन नंबर हैं, लेकिन सभी बंद हैं. पुलिस को शक है कि वारदात से पहले नवनीत की शूटरों से बात हुई थी और वहीं पर उनकी मुलाकात हुई थी.
लूटकांडों का प्लानर, बैकअप और सप्लायर
शिवपुरी में रहने वाला नवनीत न केवल अपराधियों को फर्जी पहचान उपलब्ध कराता था, बल्कि उन्हें बाइक, ठिकाना और भागने का साधन भी मुहैया कराता था. सूत्रों के मुताबिक, वह दानापुर और आरा के दो बड़े लूटकांडों में भी बैकअप के तौर पर शामिल था.
हत्या के पीछे सोना बंटवारे का विवाद?
पुलिस को आशंका है कि नवनीत की हत्या किसी पुराने लूट के माल के बंटवारे को लेकर हुई है. नवनीत सूद पर पैसा भी लगाता था, जिससे कई लोगों से उसका विवाद रहा है. उसके पिता शैलेंद्र सिंह ने समीर आनंद नामक युवक पर हत्या का शक जताया है.
CCTV और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही
फुलवारी शरीफ थानेदार एम हैदरी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. नवनीत के मोबाइल से सिम कार्ड को एक्सेस कर कॉल डिटेल निकाली जा रही है. पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्या के पीछे छिपे बड़े नेटवर्क को बेनकाब करने में जुटी है.
Also Read: पटना में बनेंगे तीन शानदार 5 स्टार होटल, 1000 करोड़ का निवेश देगा पर्यटन को नई उड़ान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










