BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन के लिए पटना में प्रदर्शन, दिलीप कुमार बोले- 3 दिन में फैसला नहीं तो 21 अगस्त से अमरण-अनशन

Updated:
विज्ञापन

दिलीप कुमार का ऐलान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

BPSC TRE-4 Notification : पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन और अन्य मांगों को लेकर छात्र न्याय सत्याग्रह शुरू हो गया है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है, जिसके बाद 21 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी दी गई है. BSSC, दरोगा भर्ती और परीक्षा पारदर्शिता जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं.

विज्ञापन

BPSC TRE-4 Notification : पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर BPSC TRE 4 नोटिफिकेशन, BSSC, दारोगा, AEDO समेत कई मांगों को लेकर आज से छात्र न्याय सत्याग्रह शुरू हो गया है. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन हो रहा है. दिलीप कुमार ने सरकार को 3 दिनों का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि, 3 दिनों तक हमलोग गर्दनीबाग में बैठकर शांति से प्रदर्शन करेंगे. लेकिन अगर तीन दिनों के बाद भी नोटिफिकेशन नहीं आया तो फिर 21 अगस्त से अमरण अनशन करेंगे.

विज्ञापन

TRE-4 के विज्ञापन को लेकर छात्रों से गर्दनीबाग पहुंचने की अपील

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि पटना सहित बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद छात्र-छात्राएं गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचें. उन्होंने अभ्यर्थियों से रूम, लाइब्रेरी, लॉज, हॉस्टल और कोचिंग से निकलकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि आंदोलन में छात्रों की संख्या सरकार तक उनकी मांग की गंभीरता पहुंचाने का माध्यम बनेगी.

तीन दिन तक चलेगा अनिश्चितकालीन धरना

दिलीप कुमार ने कहा कि छात्र आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे. उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर तीन दिनों तक धरना जारी रखा जाएगा. इस दौरान आंदोलनकारी धरना स्थल पर ही रहेंगे और TRE-4 के विज्ञापन सहित अन्य मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे.

21 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी

छात्र नेता ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर TRE-4 का विज्ञापन एकल परीक्षा के साथ जारी नहीं किया गया तो 21 अगस्त से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर फैसला लेना होगा.

एकल परीक्षा के साथ विज्ञापन जारी करने की मांग

छात्रों की प्रमुख मांग TRE-4 का विज्ञापन एकल परीक्षा के साथ जल्द जारी करने की है. छात्र नेता ने कहा कि शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से इंतजार है और अब विज्ञापन जारी किया जाना चाहिए.

BSSC, परीक्षा तिथि और भर्ती से जुड़े कई मुद्दे भी शामिल

आंदोलन में केवल TRE-4 ही नहीं, बल्कि BSSC से जुड़े मुद्दे, लंबित परीक्षाओं की तारीख घोषित करने और विभिन्न भर्तियों में पारदर्शिता की मांग भी शामिल है. छात्रों ने दरोगा, सिपाही, BSSC समेत अन्य परीक्षाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग रखी है.

OMR की कार्बन कॉपी और आंसर की मांग

दिलीप कुमार ने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराई जानी चाहिए. इसके साथ ही परीक्षा के बाद आंसर की जारी करने और रिजल्ट के समय कटऑफ के साथ अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक करने की मांग भी रखी गई है.

BPSC परीक्षा में हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव नहीं होने की मांग

आंदोलनकारियों ने BPSC सिविल सेवा परीक्षा में हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होने की मांग की. इसके अलावा परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग

दिलीप कुमार ने TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं होने पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई. उन्होंने कहा कि पहले जुलाई में विज्ञापन जारी करने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसी को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं.

छात्रों के मंच पर नेताओं की भूमिका पर फैसला बाद में

छात्र नेता ने स्पष्ट किया कि आंदोलन को छात्रों का आंदोलन रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं और कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों को मंच पर जगह दी जाएगी या नहीं, इसका फैसला अभ्यर्थी आपस में चर्चा के बाद करेंगे. हालांकि, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से आंदोलन की मांगों का समर्थन करने की अपील की.

पेपर लीक और कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग

आंदोलनकारियों ने अब तक सामने आए कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है. दिलीप कुमार ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए.

आंदोलन को लाखों छात्रों की लड़ाई बताया

दिलीप कुमार ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक अभ्यर्थी या किसी एक राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है. उन्होंने इसे बिहार के छात्र और युवाओं से जुड़े मुद्दों की लड़ाई बताया और अधिक से अधिक अभ्यर्थियों से गर्दनीबाग पहुंचने की अपील की.

Also Read : आज शाम जारी हो सकता है BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन, 32,388 सीटों पर होगी भर्ती


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन