लखीसराय अशोक धाम हादसा : घायलों से मिलें प्रशांत किशोर , कहा- 7 लोगों की मौत हुई एक कॉन्सटेबल तक सस्पेन्ड नहीं हुआ
घायल से हादसे के बारे में जानकारी लेते प्रशांत किशोर | Prabhat Khabar Network
लखीसराय अशोक धाम मंदिर हादसे के पीड़ितों से मिले प्रशांत किशोर, बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए गंभीर सवाल।
लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी पर प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में हुए हादसे के बाद मंगलवार को जन सुराज के संयोजक सह बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर लखीसराय पहुंचे. उन्होंने सदर अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. इसके बाद हलसी प्रखंड के प्रतापपुर गांव पहुंचकर हादसे में जान गंवाने वाली तीन महिलाओं के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी.
घायलों से ली घटना की जानकारी
प्रशांत किशोर ने सदर अस्पताल में इलाजरत घायलों से बातचीत कर हादसे के दौरान की स्थिति और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इसके बाद वे प्रतापपुर गांव पहुंचे, जहां एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत हुई थी. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद प्रशांत किशोर ने सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी किसी वरिष्ठ अधिकारी की जवाबदेही तय नहीं की गयी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मुआवजे की राशि देकर मामले को जल्द खत्म करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि किसी इंसान की जान की कीमत महज चार लाख रुपये तय करना शर्मनाक है.
जांच प्रक्रिया पर भी उठाये सवाल
प्रशांत किशोर ने हादसे की जांच को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कमिश्नर और डीआइजी लखीसराय पहुंचे और जांच के आदेश दिये, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि जांच किस अधिकारी द्वारा की जा रही है और किन बिंदुओं को आधार बनाया गया है. उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी घेरा
उन्होंने स्थानीय विधायक व मंत्री के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों से मिलना पर्याप्त नहीं है. दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
इस दौरान जन सुराज के प्रांतीय व स्थानीय नेता रविशंकर प्रसाद सिंह उर्फ अशोक सिंह, जिला परिषद सदस्य अमित सागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









