कहीं मां-बेटी, पति-पत्नी,जीजा-साली, तो कहीं चाचा-भतीजा चुनावी समर में

Published by : RAKESH RANJAN Updated At : 26 Oct 2025 12:46 AM

विज्ञापन

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सियासी मैदान रिश्तों से गुलजार है. कहीं मां-बेटी चुनाव लड़ रही हैं तो कहीं साली-दामाद ताल ठोक रहे हैं.

विज्ञापन

– सगे-संबंधियों के चुनाव लड़ने से रिश्तों से गुलजार हुआ सियासी मैदान

मनोज कुमार, पटना

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सियासी मैदान रिश्तों से गुलजार है. कहीं मां-बेटी चुनाव लड़ रही हैं तो कहीं साली-दामाद ताल ठोक रहे हैं. चाचा-भतीजा विधानसभा पहुंचने की रेस लगा रहे हैं. मामा-भांजे भी विधानसभा पहुंचने के लिए कसरत कर रहे हैं. पति-पत्नी भी दमखम के साथ चुनावी समर में उतरे हैं. कई वर्तमान और पूर्व माननीय के रिश्तेदार भी चुनावी रण में हैं.

मां-बेटी, चाचा-भतीजा लड़ रहे चुनाव

हम ने बाराचट्टी से ज्योति कुमारी और इमामगंज से उनकी बेटी दीपा कुमारी को प्रत्याशी बनाया है. दोनों अभी विधायक हैं. हम ने ही टिकारी से अनिल कुमार को प्रत्याशी बनाया है, जबकि अतरी से रोमित कुमार हम के उम्मीदवार हैं. अनिल कुमार रोमित कुमार के सगे चाचा हैं. वहीं, दूसरी ओर अनिल कुमार के परिवार से ही उनके भाई पूर्व सांसद अरूण कुमार के बेटे ऋतुराज कुमार को जदयू ने घोसी से प्रत्याशी बनाया है. अरूण कुमार रिश्ते में रोमित कुमार के अपने चाचा के बेटे और अनिल कुमार उनके अपने चाचा हैं.

दो सगे भाई, साली और पति-पत्नी भी ठोक रहे ताल

राजद से तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर व उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी से महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं. नवादा से राजद ने कौशल यादव और गोविंदपुर से उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव को टिकट दिया है. तेज प्रताप की साली साली डॉ करिश्मा राय को राजद ने परसा से टिकट दिया है. हालांकि, तेज प्रताप की अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है और दोनों का मामला कोर्ट में चल रहा है.

मामा-भांजे भी लगा रहे रेस

अलौली से पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा से उनके बेटे यशराज चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि गरखा से लोजपा आर से चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल मैदान में हैं. यशराज और मृणाल रिश्ते में मामा-भांजा हैं. पशुपति पारस मृणाल के नाना लगेंगे.

पति की जगह पत्नी, तो पत्नी की जगह लड़ रहे पति

गौराबोराम से भाजपा ने विधायक स्वर्णा सिंह के पति सुजीत सिंह, औराई से पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद को टिकट दिया है. रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी सासाराम से चुनाव लड़ रही हैं.

मां और पिता की जगह बेटों को कमान

संदेश से पूर्व विधायक अरूण यादव के बेटे दीपू राणावत यादव राजद से चुनाव लड़ रहे हैं. दीपू की मां अभी संदेश से वर्तमान विधायक हैं. पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने बेटे को आगे कर दिया है. उनके बेटे राहुल शर्मा राजद से जहानाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं. पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा भी राजद से रघुनाथपुर से चुनाव लड़ रहे हैं. दिनारा से मंत्री संतोष सिंह के भाई आलोक कुमार सिंह रालोमो के टिकट पर मैदान में हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAKESH RANJAN

लेखक के बारे में

By RAKESH RANJAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन