पटना के इस इलाके में 28 दिसंबर तक नहीं चलेंगे भारी वाहन... ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य कमर्शियल गाड़ियों के लिए भी बदला रूट
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 22 Dec 2025 2:51 PM
प्रकाश उत्सव पर्व को लेकर पटना सिटी का बदला रूट (सोशल मीडिया से ली गई गाड़ियों की तस्वीर)
Patna Traffic Rule: प्रकाश उत्सव पर्व को लेकर पटना सिटी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 25 से 27 दिसंबर तक होने वाले आयोजन के मद्देनजर यातायात प्रशासन ने रूट मैप जारी करते हुए भारी वाहनों पर रोक और वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं.
Patna Traffic Rule: सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की 359वीं जयंती के अवसर पर 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित होने वाले प्रकाश उत्सव पर्व की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इस ऐतिहासिक अवसर पर देश-विदेश से लाखों सिख श्रद्धालुओं के पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर गुरुद्वारा पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं की भीड़ और सुचारु आवागमन को देखते हुए यातायात प्रशासन ने विस्तृत रूट मैप और ट्रैफिक गाइडलाइन जारी कर दी है.
पटना सिटी क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध
ट्रैफिक प्रशासन के अनुसार, 24 दिसंबर की मध्य रात्रि से 28 दिसंबर की मध्य रात्रि तक पटना सिटी क्षेत्र (guru govind singh jayanti patna traffic) में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. विशेष रूप से सीमेंट, बालू और गिट्टी जैसी भवन निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों को अशोक राजपथ में आने की अनुमति नहीं होगी. दीदारगंज की ओर से अशोक राजपथ की पश्चिम दिशा में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी, जबकि ऐसे वाहनों को न्यू बाईपास से होकर परिचालन करना होगा.
अशोक राजपथ पर भी कड़ा प्रतिबंध
प्रकाश उत्सव के दौरान 25 दिसंबर सुबह 4 बजे से 27 दिसंबर सुबह 6 बजे तक अशोक राजपथ पर गायघाट से पूर्व दरवाजा तक ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य कमर्शियल वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन वाहनों को गायघाट से डंका इमली, नवाब बहादुर रोड, सुदर्शन पथ, तुलसी मंडी और अगमकुआं आरओबी के रास्ते पटना साहिब जाने की अनुमति दी गई है.
वहीं मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए 25 दिसंबर से 28 दिसंबर सुबह 6 बजे तक पश्चिम दरवाजा से पूर्व दरवाजा तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. इसके अलावा 26 दिसंबर सुबह 4 बजे से मध्य रात्रि तक गायघाट से दीदारगंज तक अशोक राजपथ में किसी भी तरह के वाहन नहीं चल सकेंगे.
बाजार समिति जाने वाले वाहनों के लिए समय तय
बाजार समिति में फल और आवश्यक सामग्री पहुंचाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष समय निर्धारित किया गया है. ऐसे वाहन केवल रात 2 बजे से सुबह 4 बजे तक ही परिचालन कर सकेंगे, ताकि दिन में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
पार्किंग और इमरजेंसी रूट की व्यवस्था
श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए पटना सिटी में तीन प्रमुख पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. इनमें बाजार समिति, दीदारगंज, मंगल तालाब चौक थाना क्षेत्र तथा कंगन घाट और चौक थाना के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
इमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष रूट भी तय किए गए हैं. आपात स्थिति में कंगन घाट से जेपी सेतु पथ होते हुए पीएमसीएच और गायघाट से डंका इमली मार्ग के जरिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा जा सकेगा.
Also Read: Bihar School Closed: बिहार के कई जिलों में स्कूल बंद, कोल्ड डे और कोहरे के चलते DM ने जारी किया आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










