पटना में 15 अगस्त को बंद रहेंगे ये रास्ते, जेपी गंगा पथ से लेकर डाकबंगला तक बदला रहेगा रूट, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
पटना में 15 अगस्त को कई सड़कें बंद
Patna Traffic Route Divert: पटना में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान और आसपास के रास्तों पर सुबह 7 बजे से ट्रैफिक बदला रहेगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 9 बजे झंडा फहराएंगे. ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता, अतिथियों और छात्रों की एंट्री और पार्किंग के लिए अलग-अलग गेट तय किए हैं.
Patna Traffic Route Divert: पटना में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 9 बजे झंडा फहराएंगे. इसे देखते हुए सुबह 7 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक कई रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी. गांधी मैदान जाने वालों को तय रूट और गेट का ध्यान रखना होगा.
डाकबंगला से गांधी मैदान तक आम वाहनों की एंट्री बंद
फ्रेजर रोड पर डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान तक आम वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी. न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे. कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक बुद्ध मार्ग में उत्तर की तरफ जाने वाला रास्ता आम वाहनों के लिए बंद रहेगा.
भोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा जा सकेंगे. छज्जुबाग से टीएन बनर्जी रोड और छज्जुबाग मोड़ से 500 आवास की तरफ भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी.
जेपी गंगा पथ से एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और गांधी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते पर सिर्फ पास वाले वाहनों को जाने दिया जाएगा. बाकी वाहनों को आयुक्त कार्यालय के सामने से मरीन ड्राइव की तरफ भेजा जाएगा. निजी वाहन पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा होते हुए आगे जा सकेंगे.
डाकबंगला चौराहे से भट्टाचार्य चौक, पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की तरफ भी जा सकेंगे. एक्जीबिशन रोड की ओर पहुंचने वाले वाहनों को स्मार्ट बिग बाजार के सामने कटिंग से वापस भट्टाचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा.
गांधी मैदान में अलग-अलग लोगों के लिए अलग गेट
गांधी मैदान में आम लोगों के लिए गेट नंबर 6 और 7 से प्रवेश की व्यवस्था है. छात्रों को गेट नंबर 2, 3 और 4 से प्रवेश मिलेगा. महिलाओं के लिए गेट नंबर 12 और 13 तय किए गए हैं. उनके बैठने की व्यवस्था जनसाधारण दीर्घा में रहेगी.
प्रेस और मीडिया के पीले कार्ड वाले लोगों के वाहनों को गेट नंबर 9 से प्रवेश मिलेगा. वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों के वाहनों के लिए गेट नंबर 10 तय है. गेट नंबर 10 के दोनों तरफ उनके वाहनों की पार्किंग होगी. राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के लिए गांधी मैदान का पश्चिमी गेट नंबर 1 तय किया गया है.
रंगीन कार्ड वाले मेहमानों के लिए अलग पार्किंग
समारोह में आने वाले वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों को रंगीन कार्ड दिया जाएगा. वाहन के आगे के शीशे पर यह कार्ड लगाना होगा. इसी कार्ड के रंग के आधार पर वाहन को तय गेट से गांधी मैदान में प्रवेश मिलेगा. आमंत्रित अतिथियों को सुबह 8:30 बजे तक अपनी जगह लेने के लिए कहा गया है. साइकिल और मोटरसाइकिल के लिए गांधी मैदान के बाहर पूर्वी तरफ उद्योग भवन के सामने सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
डाकबंगला से जेपी गोलंबर तक खास वाहनों के लिए रास्ता
डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक फ्रेजर रोड का हिस्सा राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के काफिले, उनके पारिवारिक वाहनों और रंगीन कार्ड वाले वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों के लिए रखा गया है.
15 अगस्त को यह ट्रैफिक व्यवस्था सुबह 7 बजे से समारोह खत्म होने तक लागू रहेगी. इसलिए गांधी मैदान और आसपास जाने वाले लोगों को पहले से अपना रास्ता तय कर लेना बेहतर होगा.
इसे भी पढ़ें : बिहार पंचायत चुनाव: मुखिया बनने के लिए क्या है योग्यता, जानें पूरा नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










