बिजली चोरी की जांच के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, वायरल वीडियो के बाद विभाग ने थाने में दिया आवेदन
बिजली चोरी का सांकेतिक फोटो
बिहटा में बिजली विभाग के नाम पर वसूली का मामला गरमाया हुआ है. जेई पर भी गंभीर आरोप लगे हैं. वायरल वीडियो के बाद विभाग ने FIR दर्ज कराई है और पुलिस जांच कर रही है.
Patna News : बिहटा में बिजली चोरी की जांच के नाम पर उपभोक्ताओं से कथित तौर पर पैसे मांगने और वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मामले में बिजली विभाग के जेई पर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं. वहीं, मामला सामने आने और कथित तौर पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की ओर से दो लोगों के खिलाफ बिहटा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
विभाग के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
मामला विद्युत आपूर्ति प्रशाखा बिहटा-2 से जुड़ा बताया जा रहा है. उपलब्ध प्राथमिकी दस्तावेज के अनुसार, विभाग की ओर से 22 जून को बिहटा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विभाग के नाम पर उपभोक्ताओं से पैसे लेने का प्रयास किया जा रहा था. प्राथमिकी में धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
मामले में एक वीडियो भी सामने आने की बात कही गयी है, जिसमें पैसे के लेन-देन को लेकर बातचीत होने का आरोप है. विभाग की शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से कंपनी की छवि और उपभोक्ताओं के बीच विभाग के प्रति विश्वास प्रभावित हो रहा है. इसी आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी.
जेई की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
पूरे प्रकरण में सवाल उठ रहा है कि यदि विभाग के नाम पर उपभोक्ताओं से पैसे की मांग की जा रही थी, तो संबंधित लोगों की विभागीय कर्मियों से क्या कड़ी थी. आरोप यह भी है कि बिजली चोरी की जांच के दौरान पहले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई का दबाव बनाया जाता था और बाद में मामले को कथित तौर पर पैसे लेकर निपटाने का प्रयास किया जाता था. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
शिकायत में जिन दो लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है, उनकी भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जेई पर आरोप लगने के बाद मामला उनसे जुड़े लोगों तक पहुंच गया और उनके खिलाफ प्राथमिकी कराकर पूरे प्रकरण से खुद को अलग रखने का प्रयास किया गया.
दस्तावेज में जांच अधिकारी का उल्लेख
प्राथमिकी दस्तावेज में मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारी मोहम्मद अली शेख को सौंपे जाने का उल्लेख है. पुलिस आरोपों, वायरल वीडियो और संबंधित लोगों के बीच संपर्क समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित वसूली की कोशिश किसके कहने पर और किस उद्देश्य से की जा रही थी.
जेई समेत जांच टीम की भूमिका की जांच की मांग
मामले को लेकर उपभोक्ताओं और स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि बिजली चोरी की जांच के दौरान कथित वसूली की शिकायतों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं की गयी. लोगों ने पूरे मामले में जेई समेत जांच टीम में शामिल कर्मियों और कथित बिचौलियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जांच में किसी विभागीय कर्मी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










