पटना: 25 हजार का इनामी ढनढन नट कोर्ट गेट से गिरफ्तार, कई थानों की पुलिस को थी तलाश
कोर्ट गेट पर पुलिस
पटना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी ढनढन नट को सिविल कोर्ट गेट के पास से धर दबोचा. फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में डकैती समेत कई आपराधिक मामलों में उसकी तलाश थी.
Patna Crime News : फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी ढनढन नट मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट के गेट के बाहर पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पीरबहोर थानाध्यक्ष ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है. गिरफ्तारी के बाद पटना पुलिस की विशेष टीम उससे पूछताछ कर रही है.
कोर्ट में पहुंचने की सूचना पर पहले से तैनात थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि ढनढन नट किसी मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण करने या किसी कानूनी प्रक्रिया के लिए सिविल कोर्ट पहुंच सकता है. इसके बाद पटना पुलिस की विशेष टीम और सेल की टीम ने कोर्ट परिसर के आसपास निगरानी बढ़ा दी. कोर्ट गेट के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान ढनढन नट के पहुंचते ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया.
डकैती समेत कई मामलों में था वांछित
ढनढन नट फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बीएमपी गली बगीचा रोड का रहने वाला है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ फुलवारी शरीफ, गोपालपुर, परसा, गौरीचक और बाईपास थानों में कई मामले दर्ज हैं. फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 610/13 में उसके खिलाफ डकैती की धारा 395 के तहत मामला दर्ज है. इसके अलावा गोपालपुर थाना कांड संख्या 264/24, परसा थाना कांड संख्या 235/24, गौरीचक थाना कांड संख्या 307/24, बाईपास थाना कांड संख्या 313/24 और फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 647/25 में भी पुलिस को उसकी तलाश थी.
गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम था घोषित
लगातार फरार चल रहे ढनढन नट की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. कई मामलों में उसकी संलिप्तता और लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी.
फरारी के दौरान कहां छिपा था, पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और विभिन्न मामलों में भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह मंगलवार को सिविल कोर्ट किस मामले में पहुंचा था और लंबे समय से फरारी के दौरान कहां-कहां छिपकर रह रहा था. पुलिस अब उसे संबंधित मामलों में न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









