फुलवारी शरीफ में हथियार लहराकर फायरिंग करने वाला युवक पुलिस के रडार पर, छापेमारी तेज
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 31 May 2026 5:37 PM
आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज की
Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर फायरिंग करने वाले युवक राहुल कुमार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. आरोपी की पहचान कर कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस वीडियो, हथियार के स्रोत और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) फुलवारी शरीफ में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फायरिंग करते एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पटना पुलिस हरकत में आ गई है. वीडियो में युवक मकान की छत पर खड़ा होकर हथियार लहराते हुए फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की पहचान कर ली है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस जांच में युवक की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी राहुल कुमार, पिता बसंत राय के रूप में हुई है. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर कई राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की जा रही हैं, जिससे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
शिवपुरी स्थित घर पर पुलिस की दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ फुलवारी शरीफ-1 सुशील कुमार के नेतृत्व में फुलवारी शरीफ एवं गर्दनीबाग थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने शिवपुरी स्थित आरोपी के आवास पर छापेमारी की. पुलिस सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान घर में मौजूद एक महिला नेत्री ने पुलिस की कार्यवाही का विरोध किया और जांच प्रक्रिया पर आपत्ति जताई. इस दौरान कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी उत्पन्न हो गई.
पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी
सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम के लौटने के बाद आरोपी राहुल कुमार मौके से निकल गया और फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने सरिस्ताबाद समेत उसके अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस को संदेह है कि आरोपी के पास अन्य अवैध हथियार भी हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है.
वीडियो की तकनीकी जांच जारी
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की तकनीकी एवं भौतिक जांच की जा रही है. आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद वीडियो में इस्तेमाल हथियार, फायरिंग की घटना और हथियार के स्रोत से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी.
पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










