Bihar Band: पटना, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के इन जिलों में हिंसक हुआ प्रदर्शन, एसपी को भी लगी चोट

प्रदर्शन करते छात्र
Bihar Band: नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की जिद पर अड़े छात्रों का बिहार बंद पूरी तरह बेकाबू हो गया है. 8 जिलों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत देखने को मिली. सीवान एसपी के घायल होने से लेकर पटना में सड़क जाम तक, पूरे प्रदेश में हालात काफी नाजुक बने हुए हैं.
Bihar Band: छात्रों द्वारा NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और हाल में हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को बुलाया गया बिहार बंद कई जिलों में हिंसक हो गया. बिहार के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए.
कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ. कहीं पथराव हुआ तो कहीं पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी. कुछ स्थानों पर हालात इतने बिगड़ गए कि लाठीचार्ज और फायरिंग तक करनी पड़ी.
सीवान में एसपी को लगी चोट
बिहार बंद के दौरान सबसे गंभीर स्थिति सीवान में देखने को मिली. यहां प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाए, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग करनी पड़ी.
पथराव के दौरान सीवान के एसपी पूरन झा के हाथ में चोट भी लगी. प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्होंने फिर से मोर्चा संभाला और पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे. एहतियात के तौर पर शहर में इंटरनेट की स्पीड भी धीमी कर दी गई.
आठ जिलों में दिखा विरोध का असर
बिहार बंद का असर सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं रहा. पटना, छपरा, सीवान, भागलपुर, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, बेतिया और लखीसराय समेत आठ जिलों से पथराव और हंगामे की खबरें सामने आईं. कई जगह प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, जबकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया. दिनभर कई शहरों में तनाव का माहौल बना रहा.
छपरा में सरकारी भवन पर चढ़े प्रदर्शनकारी
छपरा में छात्रों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया. कुछ प्रदर्शनकारी सरकारी भवन पर चढ़ गए और वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए. इस दौरान बैरिकेडिंग हटाकर ले जाते हुए भी लोग दिखाई दिए. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से यातायात प्रभावित हुआ. इसी दौरान एक जज की गाड़ी भी जाम में फंस गई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
भागलपुर में पुलिस वाहन पर चले ईंट-पत्थर
भागलपुर में भी प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही.
मधेपुरा में छात्रों को हिरासत में लिया गया
मधेपुरा में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते रहे. प्रदर्शन के दौरान लगातार नारेबाजी होती रही. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया. इसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य कराने की कोशिश की गई.
बेगूसराय में ड्रोन से रखी गई नजर
बेगूसराय में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली. पूरे प्रदर्शन की हवाई निगरानी की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत मिल सके. जिले में पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया.
लखीसराय में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत
लखीसराय में निकाले गए आक्रोश मार्च के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले बहस हुई, फिर मामला झड़प तक पहुंच गया. पुलिस का आरोप है कि भीड़ की ओर से बोतल, चप्पल और ईंट-पत्थर फेंके गए. इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही.
सीतामढ़ी में भाजपा नेता की गाड़ी को बनाया निशाना
सीतामढ़ी में प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने एक भाजपा नेता के वाहन पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. किसी भी नई घटना से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
पटना के डाकबंगला चौराहे पर सबसे बड़ा प्रदर्शन
राजधानी पटना में डाकबंगला चौराहा पूरे आंदोलन का मुख्य केंद्र बना रहा. यहां बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ. इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया. पटना के एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की गई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, कई जिलों में सुरक्षा कड़ी
हिंसक घटनाओं के बाद कई जिलों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई. संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अधिकांश जगहों पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.
इसे भी पढ़ें: तिरंगा लेकर प्रदर्शन में पहुंचे तेजप्रताप यादव, पटना में मोबाइल टावर पर चढ़े छात्र, SDM ने लाठीचार्ज का दिया आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










