पटना सिटी अग्निकांड: सनकी पूर्व पति समेत दो और की मौत, अब तक तीन मरे
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 21 May 2026 3:23 PM
नए पति गोविंद अग्रवाल के माता-पिता की मौत
राजा बाबू खाटू श्याम गली में पूर्व पति कन्हैया कुमार ने पत्नी प्रिया उर्फ मोनी की दूसरी शादी से नाराज होकर ससुराल में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. घटना में ससुर, सास और आरोपी की मौत हो चुकी है. प्रिया और उसके दो बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं.
Patna News:(अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट) राजा बाबू खाटू श्याम गली में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात में मौतों का आंकड़ा बढ़कर तीन हो गया है. सनकी पूर्व पति कन्हैया कुमार द्वारा पूरे परिवार को जिंदा जलाने की इस खौफनाक साजिश में गुरुवार को दो और जिंदगी की सांसें थम गयी. बुधवार को हुई इस भयावह घटना के बाद अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे तीन लोगों की मौत हो चुकी है. वारदात वाले दिन ही मोनी के ससुर पुरुषोत्तम प्रसाद अग्रवाल ने दम तोड़ दिया था. वहीं, गुरुवार को इलाज के दौरान सास नीलम देवी और खुद आग लगाने वाले मुख्य आरोपित (पूर्व पति) कन्हैया कुमार की भी मौत हो गयी. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं.
बदले की आग में पूरे परिवार को झोंका
यह खूनी खेल पत्नी मोनी उर्फ प्रिया के साथ चल रहे पुराने विवाद का नतीजा था. इसी रंजिश में कन्हैया ने पत्नी, बच्चों, सास और ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी. इस मामले में पीड़ित परिवार के सदस्य गोविंद अग्रवाल ने चौक थाने में कन्हैया कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
अभी भी तीन लोगों की हालत गंभीर
घायल हुए पीड़िता के दो मासूम बच्चे और उनकी पत्नी मोनी उर्फ प्रिया की हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश कर रही है, लेकिन पूरा इलाका इस दर्दनाक घटना से सहमा हुआ है.
क्या है घटना?
पुलिस के अनुसार आरोपी कन्हैया कुमार, जो चौक थाना क्षेत्र के पुआ गली का निवासी है, अपनी तलाकशुदा पत्नी प्रिया कुमारी उर्फ मीनू की दूसरी शादी से नाराज था. जानकारी के मुताबिक उसकी पत्नी का विवाह 15 अप्रैल को हुआ था, जिसके बाद महिला अपने नए पति गोविंद अग्रवाल के साथ राजाराम लेन स्थित घर में रह रही थी. बुधवार को आरोपी अचानक ससुराल पहुंचा और ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) छिड़ककर घर में आग लगा दी थी.
Also Read:कैमूर के रामगढ़ थानेदार को आया एक मिस्ड कॉल और खुला चार की हत्या राज, जानिए पूरी कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










