भीषण गर्मी में मनेर के कई गांवों में 3 दिनों से पानी टंकी बंद, बूंद-बूंद को तरस रहे लोग
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 07 Jun 2026 8:44 PM
बंद पड़ी पानी टंकी
Patna News: पटना जिले के मनेर प्रखंड अंतर्गत दरवेशपुर उपवार उत्तरी पंचायत के कई टोलों में पिछले तीन दिनों से पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप है. भीषण गर्मी के इस दौर में नल-जल योजना की पानी टंकी बंद होने से वार्ड संख्या 01, 02, 07 और 10 के सैकड़ों परिवारों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
Patna News: पटना जिले के मनेर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दरवेशपुर उपवार उत्तरी पंचायत के कई टोलों में सरकारी दावों की पोल खुल गई है. पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. इसके कारण स्थानीय लोगों को पानी के लिए भारी किल्लत और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जून महीने की इस तपती और रिकॉर्डतोड़ गर्मी में पानी की किल्लत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है और पूरे इलाके में हाहाकार मचा हुआ है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दरवेशपुर उपवार उत्तरी पंचायत में मुख्यमंत्री नल-जल योजना के तहत स्थापित पानी टंकी पिछले तीन दिनों से अचानक बंद पड़ी है. तकनीकी खराबी या ऑपरेटर की लापरवाही के कारण पानी सप्लाई की यह टंकी पूरी तरह शोपीस बन चुकी है. टंकी बंद होने का सीधा असर दरवेशपुर गांव के वार्ड संख्या 01, 02, 07 और 10 पर पड़ा है, जहां के सैकड़ों घरों के नलों में पानी आना पूरी तरह बंद हो गया है.
आम जन-जीवन हुआ बुरी तरह प्रभावित
इस गंभीर समस्या को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय पंचायत समिति सदस्य धर्मभाई यादव ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने पीएचईडी और पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन और लिखित माध्यम से इस गंभीर संकट से अवगत कराया है और बंद पड़ी पानी टंकी को अविलंब दुरुस्त करने की पुरजोर अपील की है.
पंचायत समिति सदस्य धर्मभाई यादव ने बताया कि इस समय क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप है. ऐसे दौर में पेयजल का संकट होना बेहद संवेदनशील मामला है. उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 01, 02, 07 और 10 के अंतर्गत आने वाले सैकड़ों महादलित और गरीब परिवारों को पानी की एक-एक बूंद के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सुबह होते ही लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो जाता है. खाना बनाने, कपड़े धोने और मवेशियों को पिलाने के लिए लोगों को तपती धूप में दूर-दराज के निजी नलों और चापाकलों पर भटकना पड़ रहा है.
अधिकारियों को अल्टीमेटम, आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के रख-रखाव की जिम्मेदारी जिन कर्मियों पर है, वे फोन करने पर भी सही जवाब नहीं दे रहे हैं. तीन दिन बीत जाने के बाद भी विभाग का कोई मैकेनिक या तकनीकी स्टाफ टंकी की खराबी को दूर करने नहीं पहुंचा है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की जाए और आपातकालीन स्थिति को देखते हुए टैंकरों के माध्यम से इन वार्डों में पानी भिजवाया जाए. पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति सुचारु रूप से बहाल नहीं की गई, तो प्रभावित वार्डों के लोग मनेर-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










