बिहटा में पुलिस को चकमा देकर जब्त ट्रैक्टर लेकर भागा था ड्राइवर, IIT अमहारा थाना पुलिस ने दबोचा

Updated:
विज्ञापन
patna news

पुलिस के कब्जे में गिरफ्तार आरोपी

Patna News: पटना जिले के बिहटा अंतर्गत आईआईटी अमहारा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना परिसर के पास से जब्त ट्रैक्टर लेकर फरार होने वाले शातिर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से फरार किया गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है.

विज्ञापन

Patna News: (मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट) पटना के बिहटा स्थित आईआईटी अमहारा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कानून को ठेंगा दिखाकर थाना परिसर के पास से पूर्व में जब्त किए गए ट्रैक्टर को चुराकर भागने वाले शातिर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहटा के केल्हनपुर गांव निवासी छोटेलाल कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि उसके पास से गायब किया गया ट्रैक्टर भी सकुशल बरामद कर पुनः उसे अपने कब्जे में ले लिया है.

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बीते मार्च महीने में अवैध बालू और बिना वैध चालान के चल रहे कई ओवरलोडेड ट्रैक्टरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया था. इसी अभियान के तहत जिला खनन पदाधिकारी की मौजूदगी में नियमों का उल्लंघन करने वाले एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया था. चूंकि थाना परिसर में जगह कम थी, इसलिए जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना परिसर के ठीक समीप ही कतारबद्ध तरीके से खड़ा किया गया था. इसी बीच मौका पाकर चालक छोटेलाल कुमार पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंकते हुए थाना से महज 200 मीटर दूर खड़े ट्रैक्टर को स्टार्ट कर रफूचक्कर हो गया था.

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी थी पुलिस, गुप्त सूचना पर केल्हनपुर से दबोचा

थाना अभिरक्षा से जब्त गाड़ी के गायब होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. इस दुस्साहस को लेकर आईआईटी अमहारा थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने और जब्त संपत्ति की चोरी करने की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी चालक के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी.

रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चालक अपने गांव केल्हनपुर के पास छुपा हुआ है और ट्रैक्टर को भी कहीं खपाने की फिराक में है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की और घेराबंदी कर आरोपी छोटेलाल कुमार को दबोच लिया. उसकी निशानदेही पर छुपाकर रखा गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया.

पुलिस का क्या है पक्ष?

आईआईटी अमहारा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष रामसहोदर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी चालक को न्यायिक हिरासत में कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि पुलिस और प्रशासन द्वारा जब्त किए गए किसी भी वाहन या संपत्ति के साथ छेड़छाड़ करना अथवा उसे लेकर भागना एक गंभीर अपराध है. इस मामले में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और कड़ाई से जारी है.

Also Read: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम’ के लिए बिहार के 50 युवा पंजाब रवाना, IIT पटना से मंत्री संजय कुमार ने दिखाई हरी झंडी

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन