NEET छात्रा केस पर राबड़ी देवी का सनसनीखेज आरोप-मंत्री या मंत्री का बेटा शामिल हो सकता है
Rabri Devi
Patna NEET Student Death Case: पटना के हाई-प्रोफाइल नीट छात्रा मौत मामले में सियासत तेज हो गई है. विपक्ष के आरोप अब सीधे सत्ता के गलियारों तक पहुंच गए हैं. पटना से लेकर दिल्ली तक इस केस की फाइलें अब सीबीआई के हवाले हैं, लेकिन राबड़ी देवी के एक सनसनीखेज दावे ने पूरी जांच पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया हैं.
Patna NEET Student Death Case: पटना में NEET छात्रा छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है. पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, जिसके बाद बिहार सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई से कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया है. इसी बीच आरजेडी की वरिष्ठ नेता और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने ऐसा बयान दिया है, जिसने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.
आपके शहर में
राबड़ी देवी का सनसनीखेज आरोप
गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को राबड़ी देवी ने नीट छात्रा मौत केस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले में “किसी मंत्री का बेटा या खुद कोई मंत्री शामिल हो सकता है.” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले इस केस को दबाने की कोशिश की गई और जब मामला तूल पकड़ने लगा तो सीबीआई जांच की बात कही गई. राबड़ी देवी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है.
सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि सीबीआई जांच का फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि सच्चाई सामने लाने के लिए लिया गया है. सत्ता पक्ष का तर्क है कि जांच एजेंसी के आने से “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
बजट पर भी विपक्ष का हमला
नीट छात्रा केस के साथ-साथ राबड़ी देवी ने बिहार बजट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बजट में आम जनता के लिए कुछ भी नया नहीं है और यह सिर्फ बिहार की जनता को ठगने वाला बजट है. उनके मुताबिक सरकार बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है.
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने भी इस मामले को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया. विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. उन्होंने दावा किया कि रोजाना अपराध हो रहे हैं और बच्चियां तक सुरक्षित नहीं हैं. नीट छात्रा केस पर उन्होंने कहा कि सरकार लीपापोती कर रही है और जो भी सवाल उठा रहा है, उस पर दबाव बनाया जा रहा है.
बढ़ती बयानबाजी, टिकी निगाहें जांच पर
नीट छात्रा मौत केस अब सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं रहा, बल्कि यह सियासी लड़ाई का बड़ा मुद्दा बन चुका है. विपक्ष जहां इसे सत्ता से जोड़कर देख रहा है, वहीं सरकार जांच के जरिए सच सामने लाने का दावा कर रही है. अब सबकी नजर सीबीआई जांच पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सके कि यह हादसा था, आत्महत्या या इसके पीछे कोई बड़ा राज छिपा है.
Also Read: ‘पटना बने पाटलिपुत्र…’, बिहार के सांसद ने राज्यसभा में उठाई नाम बदलने की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए