कोचिंग सेंटर बवाल मामले में गुरु रहमान की एंट्री, किए कई चौंकाने वाले दावे, बताई विवाद की असली वजह

Updated:
विज्ञापन
Khan-Sir-Coaching-News

खान सर

Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और तोड़फोड़ के बाद अब कोचिंग संस्थानों के बीच कंपटीशन को लेकर नए दावे सामने आए हैं. कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान ने पूरे विवाद को छात्रों की खरीद-फरोख्त और रिजल्ट की होड़ से जोड़ते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

विज्ञापन

Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के बाद कोचिंग जगत की आपसी दुश्मनी सामने आ गई है. कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान ने दावा किया है कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद खान सर और ज्ञान बिंदु के रौशन सर के बीच सफल छात्रों को अपने पाले में करने के लिए जमकर खरीद-फरोख्त हुई.

गुरु रहमान ने बताया कि खान सर ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के सफल अभ्यर्थियों को पैसे या किसी अन्य लालच के दम पर अपने पक्ष में कर लिया था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ी और मारपीट हुई. उन्होंने कहा कि मामले को बड़ा दिखाने के लिए खान सर ने शुरुआत में फायरिंग होने की झूठी कहानी गढ़ी, जबकि मौके पर कोई भी गोली नहीं चली थी.

ज्यादा रिजल्ट का दावा करने पर फंसे, गुरु रहमान ने उठाए गंभीर सवाल

गुरु रहमान ने कहा कि खान सर अक्सर इस तरह से छात्रों की खरीद-फरोख्त के खेल में शामिल रहते हैं. बिहार पुलिस में सिपाही के कुल 19 हजार 838 पदों पर ही बहाली निकाली गई थी, लेकिन खान सर ने अकेले अपने कोचिंग से 22 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के पास होने का दावा कर दिया. जब खान सर इस दावे पर घिर गए, तो अपनी साख बचाने के लिए उन्होंने कोचिंग पर गोली चलवाने की मनगढ़ंत बात फैला दी.

कोचिंग सेंटर पर मारपीट और झड़प की बात सच है, लेकिन वहां कोई गोली नहीं चलाई गई थी. अगर कोचिंग संचालकों के बीच इसी तरह से मनमानी चलती रही और छात्रों की खरीद-बिक्री होती रही, तो आने वाली युवा पीढ़ी का भविष्य पूरी तरह से अंधकार में डूब जाएगा.

फायरिंग के दावे से पीछे हटे खान सर

मंगलवार की देर रात पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की थी और पत्थर बरसाए थे. इस हमले में कोचिंग सेंटर की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड को भी उपद्रवियों ने लाठी-डंडों से पीटा था. घटना के तुरंत बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के लोगों पर हमले की साजिश रचने का आरोप मढ़ दिया था.

खान सर ने कैमरे पर दावा किया था कि उन्होंने खुद अपनी आंखों से मौके पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलते हुए देखी हैं. जांच शुरू होते ही खान सर खुद फायरिंग की बात से पूरी तरह पीछे हटने लगे. पटना पुलिस ने भी शुरुआती जांच के बाद साफ कर दिया था कि मौके पर किसी भी तरह की फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है.

ज्ञान बिंदु कोचिंग के रौशन सर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पटना पुलिस के अनुसार कोचिंग पर हमले की यह वारदात मंगलवार रात करीब 10 बजे के आसपास हुई. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें करीब 15 से 20 लोग कोचिंग की बिल्डिंग पर पथराव और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दिए. खान सर के कोचिंग सेंटर के मैनेजर कन्हैया सिंह ने इस घटना को लेकर कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कराई.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के मुख्य डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर को फौरन गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने रौशन सर के साथ इस साजिश में शामिल दो अन्य आरोपियों अभिषेक और गौरव को भी धर दबोचा है. इन तीनों ही आरोपियों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

मेरे खिलाफ रची जा रही है बड़ी साजिश: रौशन आनंद

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने खुद को बेकसूर बताया है. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के बेहतरीन रिजल्ट की वजह से उनके प्रतिद्वंद्वी उनके खिलाफ बहुत बड़ी साजिश रच रहे हैं. बाजार में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर ज्ञान बिंदु एकेडमी को पूरी तरह से बर्बाद करने का खेल खेला जा रहा है.

रौशन सर ने कहा कि जब मौके पर कोई गोली चली ही नहीं, तो जानबूझकर बात को बड़ा बनाने के लिए फायरिंग का झूठा नाम घसीटा जा रहा है. उन्हें और उनकी संस्था को जानबूझकर इस विवाद में घसीटकर निशाना बनाया जा रहा है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की पार्टी ने रचा इतिहास, एक करोड़ पार पहुंची सदस्यों की संख्या

पटना में कोचिंग बवाल के बाद सरकार एक्शन में, नकेल कसने की तैयारी, मिथिलेश तिवारी ने किया ऐलान

विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन