बिहटा में ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, तीन घंटे बाद हुई पहचान

Patna News: बिहटा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. घटनास्थल पर मिले करनी और मोबाइल फोन से मृतक की पहचान हुई, जो रोज पटना मजदूरी करने जाते थे.
Patna News: बिहटा रेलवे स्टेशन के समीप डाउन मेन लाइन पर रविवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बिहटा और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान घटना के करीब तीन घंटे बाद हो सकी.
करनी और मोबाइल फोन से हुई मृतक की पहचान
जीआरपी थाना प्रभारी रीना कुमारी ने बताया कि घटनास्थल से घर निर्माण कार्य में प्रयुक्त एक करनी और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ था. इन्हीं सामानों के आधार पर मृतक की पहचान संभव हो सकी. मृतक की पहचान बिहटा प्रखंड के आईडीई अमहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलाप गांव निवासी 47 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय रामानंद राम के पुत्र थे.
रोजाना ट्रेन से पटना जाकर करते थे मजदूरी
मृतक के छोटे भाई सतीश कुमार ने बताया कि विजय कुमार राजमिस्त्री का कार्य करते थे और रोजाना ट्रेन से पटना आना-जाना करते थे. रविवार को भी वह काम के सिलसिले में निकले थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. जीआरपी मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विजय कुमार किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आए. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










