पटना को जाम से मिलेगी राहत, दानापुर-बिहटा-कोइलवर एलिवेटेड कॉरिडोर जून 2027 तक होगा तैयार

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 29 Jan 2026 6:57 AM

विज्ञापन

AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Bihar Road Project: दानापुर-बिहटा-कोइलवर एलिवेटेड कॉरिडोर पर बड़ा अपडेट सामने आया है. करीब 1969 करोड़ की इस परियोजना का 45 फीसदी काम पूरा हो चुका है. जून 2027 तक इसे पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.

विज्ञापन

Bihar Road Project: दानापुर-बिहटा-कोइलवर एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. यह महत्वाकांक्षी परियोजना जून 2027 तक पूरी कर ली जाएगी. अब तक कॉरिडोर का करीब 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. बाकी 55 प्रतिशत काम को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

यह जानकारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक अरबिन्द कुमार ने दी. वे बुधवार को दानापुर में परियोजना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की.

25 किलोमीटर लंबा है एलिवेटेड कॉरिडोर

अरबिन्द कुमार ने बताया कि यह एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 25 किलोमीटर लंबा है. इस परियोजना पर लगभग 1969 करोड़ रुपये की लागत आ रही है. इसका मुख्य उद्देश्य पटना और पश्चिमी बिहार के बीच यातायात को आसान और सुरक्षित बनाना है. साथ ही लोगों का सफर समयबद्ध हो सके, यही लक्ष्य है.

परियोजना शुरू होने से पहले इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक का दबाव रहता था. रोजाना लंबा जाम लगता था. लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ता था. दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र, मरीज और व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान होते थे. परिवहन से जुड़े लोगों के लिए भी यह मार्ग बड़ी चुनौती बना हुआ था.

परियोजना निदेशक ने बताया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर से बिहटा एयरपोर्ट को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच भी आसान होगी. इससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी.

परियोजना निदेशक ने बताया कई चुनौतियों का करना पड़ा सामना

उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. घनी आबादी वाले इलाकों में काम करना सबसे बड़ी चुनौती रही. सीमित जगह में निर्माण करना आसान नहीं था. साथ ही निर्माण के दौरान पुराने यातायात को सुचारू बनाए रखना भी कठिन रहा. मौसम की मार ने भी काम को प्रभावित किया.

अरबिन्द कुमार ने बताया कि इन सभी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए काम को चरणबद्ध तरीके से किया गया. कोशिश की गई कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो.

NHAI का दावा- समय पर पूरी कर ली जाएगी परियोजना

उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और परियोजना टीम के साथ लगातार समन्वय रखा गया. समस्याओं का समय पर समाधान किया गया. सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है. हर स्तर पर सार्वजनिक हित को प्राथमिकता दी गई है. स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्य पद्धति में बदलाव भी किए गए हैं. एनएचएआई का दावा है कि तय समय पर यह परियोजना पूरी कर ली जाएगी. इससे पटना और पश्चिमी बिहार की तस्वीर बदलेगी.

Also Read: सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, अगले साल दरभंगा एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय, कनेक्टिविटी को मिलेगा नया उड़ान

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन