पटना: कपड़ा दुकानदार के घर चोरी, पांच लाख के जेवर और डेढ़ लाख नकद ले उड़े

Updated:
विज्ञापन

चोरी के बाद बिखरा सामान

पटना के जानीपुर में एक कपड़ा दुकानदार के घर से दिनदहाड़े पांच लाख के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी हो गए. परिवार के बनारस जाने के दौरान चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

Patna Crime News : पटना जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में कपड़ा दुकानदार वीर अभिमन्यु कुमार के घर बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी हो गयी. चोर घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद ले गये. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर बनारस गये हुए थे. परिवार के लौटने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.

परिवार के बाहर जाने का चोरों ने उठाया फायदा

वीर अभिमन्यु कुमार पिता बाबूलाल पंडित फरीदपुर गांव के निवासी हैं और फरीदपुर बाजार में कपड़े की दुकान चलाते हैं. बुधवार को परिवार के सभी सदस्य बनारस गये हुए थे. इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया. घर लौटने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला. इसके बाद जानीपुर पुलिस को सूचना दी गयी.

फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वायड से हुई जांच

सूचना मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया. विशेषज्ञों ने घर के अलग-अलग हिस्सों और संभावित प्रवेश व निकास वाले स्थानों से फिंगरप्रिंट के नमूने लिये. इसके अलावा डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और चोरों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाने का प्रयास किया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. आसपास के रास्तों और बाजार में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय इलाके में कौन-कौन लोग संदिग्ध रूप से घूमते नजर आये थे. पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से चोरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.

ग्रामीणों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग

दिनदहाड़े चोरी की घटना से फरीदपुर के ग्रामीणों और स्थानीय कारोबारियों में आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने गांव और बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों के अनुसार, मुख्य सड़कों के साथ-साथ बस्ती और गांव के अंदर भी पुलिस की गश्त जरूरी है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है. फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड से भी जांच करायी गयी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है. पुलिस चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन