पटना: रेलवे में नौकरी का झांसा, डीआरएम ऑफिस में खुला फर्जीवाड़े का राज; महिला समेत दो धराए, तीसरा फरार
आरोपी गिरफ्तार
दानापुर में रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है. रेलकर्मियों ने शक के आधार पर दो आरोपियों को पकड़ा, जिनके पास से फर्जी दस्तावेज मिले. एक आरोपी अभी भी फरार है.
Fraud Related To Railway Jobs : (खगौल). रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा और ठगी करने के आरोप में रेलकर्मियों ने एक महिला और एक पुरुष को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. दोनों पर युवकों को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज के आधार पर फॉर्म भरवाने और ठगी करने का आरोप है. इस मामले में एक अन्य आरोपी डीआरएम कार्यालय से पूछताछ के दौरान फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
डीआरएम कार्यालय में संदिग्ध गतिविधि से खुला मामला
रेल अधिकारी पंकज कुमार ने खगौल थाना में लिखित शिकायत दी है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, दानापुर परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद आरपीएफ पोस्ट दानापुर के प्रभारी निरीक्षक और जवान मौके पर पहुंचे. पूछताछ में पता चला कि गाजीपुर, उत्तर प्रदेश निवासी दिव्या कुमारी और बिहटा, पटना निवासी मणिशंकर, मालदा, पश्चिम बंगाल निवासी गौरंगा मंडल को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रेलवे भर्ती बोर्ड, गुवाहाटी का फॉर्म भरवा रहे थे.
शक के आधार जांच की गयी
मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक पंकज कुमार की नजर दोनों की गतिविधियों पर पड़ी. संदेह होने पर उन्होंने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी. जांच के दौरान रेलवे भर्ती बोर्ड, गुवाहाटी से संबंधित फर्जी दस्तावेज मिलने की बात सामने आयी.
महिला के पास मिले फर्जी दस्तावेज
पुलिस के अनुसार दिव्या कुमारी के पास से योगदान पत्र का प्रोफार्मा, फिंगरप्रिंट प्रोफार्मा, कर्मचारी नियुक्ति फॉर्म और एम्प्लॉयमेंट डिटेल्स प्रोफार्मा की कुल 24 प्रतियां लाल रंग की फाइल में मिलीं. उसके पास बिहार सरकार का एक परिचय पत्र भी मिला, जिसमें उसे स्कैनिंग/डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में दर्शाया गया था.
फेसबुक के माध्यम से हुयी थी पहचान
पूछताछ में गौरंगा मंडल ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान दिव्या कुमारी से हुई थी. दिव्या ने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दानापुर बुलाया था. वहीं, दिव्या ने पूछताछ में बताया कि सागर नामक व्यक्ति ने उसे रेलवे भर्ती बोर्ड गुवाहाटी का फर्जी फॉर्म उपलब्ध कराया था.
पूछताछ के दौरान डीआरएम कार्यालय से फरार हुआ आरोपी
पूछताछ के दौरान गौरंगा मंडल डीआरएम कार्यालय से बाहर निकलकर फरार हो गया. काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला. इसके बाद दिव्या कुमारी और मणिशंकर को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
दोनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देने के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








