Patna : नीट यूजी : छत पर जला दिया था प्रश्नपत्र, सेटिंग के लिए छह माह पहले लिये थे किराये पर दो कमरे
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 08 May 2024 10:23 PM
पुलिस ने पांच मई को जब माफिया इंजीनियर सिंकदर यादवेंदु के किराये के फ्लैट में छापेमारी की, तो वहां मौजूद अन्य लोगों ने प्रश्नपत्र को घर की छत पर ले जाकर जला दिया था.
संवाददाता, पटना : पटना पुलिस की जांच में स्पष्ट हो चुका है कि नीट यूजी का प्रश्नपत्र लीक था. दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के साथ ही कोर्ट को दिये गये आवेदन में पुलिस स्पष्ट कर चुकी है कि नीट यूजी का प्रश्नपत्र लीक करने के बाद कदाचार करते हुए सेटरों, अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की जांच में प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आते ही कई अन्य एजेंसियां भी हरकत में आ गयी हैं. साथ ही पुलिस की जांच में प्रतिदिन नयी-नयी बातें सामने आ रही हैं. नीट परीक्षा में सेटिंग करने की तैयारी छह माह से चल ही थी. इसके लिए इंजीनियर सिकंदर यादवेंदू ने डील करने के लिए दानापुर से अपना ठिकाना बदल कर खेमनीचक से थोड़ा आगे मनोहरपुर कछुआरा मोड़ के पास दो कमरों का फ्लैट किराये पर ले लिया था. घर के मालिक दनियावां के प्रभात रंजन हैं. वह वहां नहीं रहते हैं और घर खाली रहता है. उस घर में एक और किरायेदार रहता है. उस घर में कोविड से पहले लर्न एंड प्ले स्कूल और लर्न एंड प्ले ब्वायज हॉस्टल चलता था. इसके कारण लोग उस घर को स्कूल के नाम से ही जानते थे. लेकिन मकान मालिक के नहीं रहने के कारण वहां सिकंदर यादवेंदू आराम से सेटिंग में जुटा रहता था. इस घर में सिकंदर ने 25 छात्रों को लाया था और रात भर रख कर प्रश्नपत्र व आंसर रटवाया था. इसके बाद पांच मई को परीक्षा के लिए सभी को सेंटर तक खुद ही पहुंचाया था. पुलिस ने जब सिंकदर व बिट्टू को पटना जू के पास गिरफ्तार किया, तो नीट यूजी में सेटिंग की कलई खुल गयी. इसके बाद पुलिस ने जब सिंकदर के किराये के फ्लैट में छापेमारी की, तो वहां मौजूद अन्य लोगों ने प्रश्नपत्र को घर की छत पर ले जाकर जला दिया था. यहां से पुलिस ने रौशन, नीतीश, अमित आनंद को गिरफ्तार किया था. नगरनौसा का डाॅ संजीव भी वहीं था, लेकिन छापेमारी से कुछ देर पहले वह वहां से निकल गया था.
इडी की टीम पहुंची शास्त्रीनगर थाना
इस मामले की जांच फिलहाल पटना पुलिस कर रही है. इओयू तकनीकी सहायता कर रही है. लेकिन अब इस मामले की जांच इडी भी कर सकता है. इडी की टीम बुधवार को शास्त्रीनगर थाना पहुंची और दर्ज प्राथमिकी व अन्य कार्रवाई की जानकारी ली.
शास्त्रीनगर थाने में दर्ज एफआइआर में लगायी गयी है कमजाेर धाराएं, हो जायेंगी जमानत
नीट यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में शास्त्रीनगर थाने में पांच मई को केस संख्या 358/24 05/05/24 दर्ज किया गया है. इनमें आइपीसी की धाराएं 407, 408, 409 और 120 बी लगायी गयी है. लेकिन ये धाराएं पर्याप्त नहीं हैं. इससे आरोपित आसानी से लाभ उठा लेंगे. इन धाराओं को इसलिए पर्याप्त नहीं माना जा रहा है कि पटना पुलिस ने जिस नीतीश को इस मामले में गिरफ्तार किया है, वह कुछ दिन पहले ही बीपीएससी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार किया गया था. लेकिन यह जमानत पर छूट गया था और फिर से नीट यूजी के प्रश्न पत्र लीक कराने में जुट गया. एक्सपर्ट के अनुसार, इस मामले में आइपीसी की धारा 406,407,408,409, 420, 467,468,471, 120 बी और बिहार परीक्षा अधिनियम 1981 की धारा 10 भी लगायी जानी चाहिए थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










