महनार में बिजली संकट पर बवाल, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 06 Jun 2026 6:45 PM

विज्ञापन

बिजली संकट के विरोध में महनार स्टेशन रोड पर प्रदर्शन करते आक्रोशित लोग

Hajipur News : महनार स्टेशन रोड पर घंटों प्रभावित रहा यातायात, ट्रांसफार्मर बदलने के बावजूद दोबारा बिगड़ी बिजली व्यवस्था से लोगों में नाराजगी.

विज्ञापन

हाजीपुर से के. एन. सिंह की रिपोर्ट
Hajipur News : महनार नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-01 खरजम्मा में लगातार दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा. आक्रोशित उपभोक्ताओं ने महनार प्रखंड कार्यालय के समीप महनार स्टेशन रोड को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन रोक दिया तथा टायर जलाकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. लोगों का आरोप था कि क्षेत्र का जला हुआ ट्रांसफार्मर दो दिन पूर्व बदला गया था, लेकिन नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय कहीं और का पुराना ट्रांसफार्मर लगाकर केवल खानापूर्ति की गई. उनका कहना था कि लगाया गया ट्रांसफार्मर एक दिन भी नहीं चल सका और पुनः खराब हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई.

दो दिनों से अंधेरे में वार्ड-01, गर्मी और पानी की समस्या से लोग परेशान

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है. भीषण गर्मी के बीच लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है. छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं तथा मोबाइल फोन तक चार्ज करना मुश्किल हो गया है. लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई.

एसडीओ ने बिजली विभाग को लगाई फटकार, तत्काल सुधार का निर्देश

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीओ नीरज कुमार एवं एसडीपीओ प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. इस दौरान एसडीओ ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही सड़क जाम कर आम जनजीवन प्रभावित करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.

प्रदर्शन के बाद हरकत में आया प्रशासन, पावर हाउस पहुंचकर लिया जायजा

जाम समाप्त कराने के बाद एसडीओ एवं एसडीपीओ ने महनार पावर हाउस पहुंचकर लोड शेडिंग सहित अन्य विद्युत समस्याओं की जानकारी ली. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

ट्रांसफार्मर बदलने के बाद भी नहीं सुलझी समस्या, फिर सड़क पर उतरे लोग

सड़क जाम के कारण महनार स्टेशन रोड पर कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. इस दौरान महनार विधायक सह राज्य बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा का काफिला भी जाम में फंस गया, जिन्हें बाद में वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. जाम समाप्त होने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका. उल्लेखनीय है कि 2 जून को भी 48 घंटे से जारी बिजली संकट को लेकर इसी स्थान पर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था. उस समय आनन-फानन में ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन समस्या फिर से उत्पन्न होने के बाद लोगों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर देखने को मिला.

Also Read : राजापाकर में नुक्कड़ नाटक के जरिए बैंकिंग सुविधाओं का संदेश, ग्राहकों को साइबर अपराध से बचने के बताए गए उपाय

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन