बिहार में बन रहे इस 124 किमी ग्रीनफील्ड फोरलेन का 70% काम पूरा, 5788 करोड़ की लागत से हो रहा तैयार

Published by : Paritosh Shahi Updated At : 11 Jun 2026 5:57 PM

विज्ञापन

ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क (AI फोटो)

Bihar Highway Project: मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क का करीब 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है. 5788 करोड़ रुपये की लागत वाली यह 124.41 किलोमीटर लंबी सड़क अगस्त में आम लोगों के लिए खोली जा सकती है. इसके शुरू होने से मुंगेर, भागलपुर, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा तेज और आसान हो जाएगी.

विज्ञापन

Bihar Highway Project: मुंगेर से मिर्जाचौकी तक बन रही 124.41 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. परियोजना को जुलाई तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. अगर काम तय समय पर पूरा हो गया तो अगस्त महीने से इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है.

मुंगेर से भागलपुर की लगभग 70 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो से तीन घंटे लग जाते हैं. कई बार ट्रैफिक जाम की वजह से यह समय चार से पांच घंटे तक पहुंच जाता है. नई फोरलेन सड़क शुरू होने के बाद यही सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा.

5788 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क

NHAI के प्रोजेक्ट इंचार्ज नीतीश कुमार के अनुसार इस परियोजना पर करीब 5788 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. यह फोरलेन सड़क बिहार के मुंगेर, भागलपुर और बांका जिलों से होकर झारखंड के मिर्जाचौकी तक जाएगी. सड़क चालू होने के बाद पूर्वी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो जाएगी.

दो जगह देना होगा टोल टैक्स

इस सड़क के शुरू होने के बाद वाहन चालकों को दो स्थानों पर टोल टैक्स देना होगा. मुंगेर जिले के कल्याणपुर और भागलपुर जिले के पीरपैंती में आधुनिक टोल प्लाजा बनाए जा रहे हैं. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों जगह फुट ओवरब्रिज भी तैयार किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में यातायात बढ़ने पर दुर्घटनाओं की संभावना कम हो.

पटना पहुंचना होगा आसान

124.41 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन सड़क के चालू होने के बाद राजधानी पटना तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा. झारखंड और पश्चिम बंगाल से भागलपुर होते हुए पटना जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. नई सड़क से दूरी और समय दोनों की बचत होगी.

मुंगेर जिले में इस परियोजना का करीब 22.5 किलोमीटर हिस्सा आता है. हेरूदियारा से घोरघट तक अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. कई स्थानों पर फिनिशिंग, मिट्टी भराई और अन्य तकनीकी काम चल रहा है. कुछ जगहों पर तकनीकी कारणों से निर्माण प्रभावित हुआ था, लेकिन अब उन हिस्सों को भी मुख्य सड़क से जोड़ दिया गया है. फिलहाल वहां मिट्टी भराई और लेवलिंग का काम किया जा रहा है. इसके बाद अंतिम परत बिछाकर सड़क को पूरी तरह तैयार किया जाएगा.

बिजली और अन्य बाधाएं भी दूर की गईं

मुंगेर के बरियारपुर क्षेत्र में NH-80 बायपास के पास सड़क किनारे बिजली के खंभे लगाए जा रहे हैं. जहां बिजली के बड़े टावर सड़क निर्माण में बाधा बन रहे थे, वहां उनकी ऊंचाई बढ़ाने और स्थान बदलने का काम भी पूरा कर लिया गया है.

इस सड़क के बन जाने से मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, घोघा, कहलगांव, पीरपैंती और मिर्जाचौकी के बीच संपर्क पहले से बेहतर होगा. व्यापारियों को माल ढुलाई में सुविधा मिलेगी, परिवहन खर्च घटेगा और इलाके में नए उद्योगों के आने की संभावना बढ़ेगी.

जमीन की कीमतों में दिखने लगा असर

फोरलेन परियोजना का असर आसपास के इलाकों के जमीन बाजार पर भी दिखाई देने लगा है. मुंगेर, जमालपुर, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे जमीन की कीमतों में तेजी आई है. स्थानीय लोगों के अनुसार कई जगहों पर परियोजना की घोषणा के बाद जमीन के दाम दोगुने से भी ज्यादा बढ़ गए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क बनने के बाद व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे जमीन की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी हो सकती है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

2022 में शुरू हुआ था निर्माण

NHAI ने वर्ष 2022 में इस ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू किया था. परियोजना को चार हिस्सों में बांटकर काम किया गया है. करीब 5788 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की नियमित निगरानी जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी द्वारा की जा रही है ताकि काम समय पर पूरा हो सके.

फोरलेन हाईवे शुरू होने के बाद वाहनों के लिए गति सीमा भी तय रहेगी. ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन के अनुसार कार और अन्य हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. कमर्शियल यात्री वाहनों के लिए अधिकतम गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. मालवाहक वाहनों और मोटरसाइकिलों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर सुरक्षा को देखते हुए स्पीड लिमिट कम रखी जाएगी. ऐसे इलाकों में छोटे वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है.

इसे भी पढ़ें: अगले 96 घंटे पटना, गया समेत इन जिलों में जारी रहेगा आंधी, तूफान और बारिश का दौर, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

पटना को मिला दिल्ली-एनसीआर जैसा तोहफा, रिंग रोड के आखिरी हिस्से को केंद्र की हरी झंडी

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन