बेली रोड में ब्रेक फेल होने से पलटा मिक्सचर ट्रक

Patna News : ब्रेक फेल होने से मिक्सचर ट्रक पलटने से मची अफरातफरी
पटना. पटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बेली रोड स्थित पटना वीमेंस कॉलेज के पास मंगलवार की सुबह मिक्सचर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, मिक्सचर ट्रक शहर की ओर तेज गति से आ रहा था. इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गया. ब्रेक फेल होते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली. इसके बाद अनियंत्रित मिक्सचर ट्रक सड़क पर पलट गया. घटना सुबह के समय हुई, जब सड़क पर यातायात अपेक्षाकृत कम था. इसी कारण बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आने से बच गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की गति काफी तेज थी और अचानक नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई मिक्सचर मशीन को हटाकर सड़क को साफ कराया गया. इसके बाद यातायात सामान्य किया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तकनीकी खराबी के पहलुओं की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बेली रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर चिंता का विषय बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमा तय कर सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










