'ऑपरेशन सिंदूर' के वीर शहीद को आखिरी सलाम, हवलदार सुनील सिंह यादव की शहादत पर रो पड़ा बिहार

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 08 Jun 2025 11:49 AM

विज्ञापन

शहीद जवान का अंतिम संस्कार

Operation Sindoor: 'ऑपरेशन सिंदूर' में शहीद हुए बिहार के वीर जवान हवलदार सुनील सिंह यादव को रविवार को उनके पैतृक गांव नरबतपुर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. गांव से रानी घाट तक तिरंगा यात्रा निकाली गई और हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम सलाम किया.

विज्ञापन

Operation Sindoor: कश्मीर के राजौरी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन हमले में घायल हुए बिहार के लाल, हवलदार सुनील सिंह यादव (46) का पार्थिव शरीर शनिवार देर रात पटना पहुंचा और रविवार को उनके पैतृक गांव बक्सर के नरबतपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. तिरंगे में लिपटा उनका शव जैसे ही गांव पहुंचा, हर आंख नम हो गई.

शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए नरबतपुर से रानी घाट तक 8 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई. बाइक सवार युवाओं की टोली, हाथों में तिरंगा और गगनभेदी नारों के बीच पूरा इलाका देशभक्ति में डूब गया. “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा.

अंतिम झलक पाने के लिए उमड़ी हजारों की भीड़

शहीद सुनील सिंह की अंतिम झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. उनका पार्थिव शरीर घर के बाहर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया. पत्नी बिलखती रही, बेटे ने आंखों में आंसू लिए श्रद्धांजलि दी और छोटे भाई ने फौजी सलामी देकर बड़े भाई को विदा किया. उस पल की खामोशी पूरे गांव पर छा गई.

पाकिस्तानी ड्रोन हमले में हुए थे घायल

सुनील सिंह यादव 9 मई को जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें 15 मई को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 21 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 5 जून की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली.

उनके बलिदान को नमन करते हुए पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए सुनील

सुनील सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं. उनका साहस, समर्पण और देशभक्ति हमेशा के लिए गांव, राज्य और देश के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा. गांव के हर कोने में अब सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है- शहीद सुनील सिंह अमर रहें.

Also Read: AI से बनाया शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी का फेक वीडियो, गुरुग्राम पुलिस ने बिहार से पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन